Gangapar News: मांडा के एक दर्जन विद्यालयों के ऊपर से गुजरे हैं हाईटेंशन विद्युत तार
Gangapar News: जब तक बच्चे सकुशल घर नहीं पहुंचते तब तक परेशान रहते हैं अभिभावक मांडा। मांडा क्षेत्र को नौ सरकारी और आधा दर्जन मान्यताप्राप्त पब्लिक विद्यालयों

Gangapar News: मांडा क्षेत्र को नौ सरकारी और आधा दर्जन मान्यताप्राप्त पब्लिक विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत तार गुजरे हुए हैं। बीआरसी मांडा द्वारा इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को कई बार दिये जाने के बाद भी अभी तक क्षेत्र के किसी भी विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन तार नहीं हट पाया है। मांडा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय ऊंचडीह उपरौध, बसकड़ी तथा कंपोजिट विद्यालय कक्षा एक से आठ तक चिलबिला व ऊंटी और प्राथमिक विद्यालय जफरा, भारतगंज द्वितीय , गौरैया कला, मसौली द्वितीय व कपूरेपुर आदि विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरे ही हैं। इसके अलावा मान्यता प्राप्त तथा एक हजार छात्र संख्या वाले पंडित दीना नाथ विद्या मंदिर चकडीहा के खेल मैदान व विद्यालय सहित कई मान्यता प्राप्त विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरे हैं।
इन विद्यालयों के छात्र जब तक सकुशल घर वापस नहीं पहुंच जाते ,तब तक अभिभावकों की चिंता बढ़ी रहती है। पंडित दीना नाथ विद्या मंदिर विद्यालय चकडीहा के प्रबंधक आशीष कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय परिसर के ऊपर से हाईटेंशन तार हटवाने की छात्रहित में अपील की । यही नहीं , जब विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन तार ले जाया जा रहा था ,तब भी उन्होंने अधिकारियों से विद्यालय परिसर के बाहर से तार ले जाने की अपील की थी, लेकिन आज तक स्थिति यथावत है। इस संबंध में मांडा बीआरसी से भी कई बार बिजली व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों के ऊपर से हाईवोल्टेज तार हटवाने की मांग की गई , लेकिन अभी तक मांडा क्षेत्र के किसी भी ऐसे प्रभावित विद्यालय के ऊपर से हाईटेंशन तार नहीं हट पाये। जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा जारी किये गये नवीनतम आदेश के तहत अभियान चलाकर विद्यालयों के ऊपर से हाईवोल्टेज तार हटवाने के निर्देश का तमाम अध्यापकों , अभिभावकों व छात्रों ने स्वागत किया है।


