Gangapar News: गंगा का जलस्तर स्थिर, लेकिन बाढ़ की हालत जस की तस
Gangapar News: मांडा । मांडा क्षेत्र में तीन दिनों तक लगातार गंगा का जलस्तर तेजी बढ़ने के फिलहाल अब स्थिर है , लेकिन बाढ़ की स्थिति पानी कम न होने से यथावत बरकरार

Gangapar News: मांडा क्षेत्र में तीन दिनों तक लगातार गंगा का जलस्तर तेजी बढ़ने के फिलहाल अब स्थिर है , लेकिन बाढ़ की स्थिति पानी कम न होने से यथावत बरकरार है। चतुर्दिक हो रही लगातार बरसात के चलते गंगा कछार पर बसे किसानों में बाढ़ को लेकर काफी चिंता है। मांडा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव गंगा में बाढ़ आने के बाद प्रभावित होते हैं। कई दिनों से हो रही अनवरत बरसात और गंगा यमुना के जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण गंगा के किनारे के क्षेत्रों में बाढ़ का असर दिखने लगा था। पिछले तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने से क्षेत्र के बामपुर, महेवा कला, डेंगुरपुर , बादपुर आदि तमाम गांवों के कछार के सब्जियों और खरीफ के फसल की खेती पानी में डूबकर खराब हो चुकी है, लेकिन फिलहाल जलस्तर वृद्धि की गति स्थिर होने से कछार पर बसे लोगों ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय प्रशासन और किसानों को आशंका है कि चतुर्दिक लगातार हो रही बरसात से जलस्तर में वृद्धि हो सकती है। बांधों का पानी पूरी तरह भरा होने से पानी छोड़े जाने की स्थिति में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है। पिछले वर्ष इसी तरह कुछ दिनों के अंतराल में तीन बार गंगा कछार क्षेत्र में बाढ़ आने से किसान पूरी तरह तबाह हो गये थे। मांडा क्षेत्र के गंगा किनारे बसे किसानों का हर साल गंगा में बाढ़ आने के बाद काफी नुकसान होता रहा है। जोती बोई खेती और सब्जियां गंगा के पानी में समाहित हो जाने से तमाम छोटे किसानों के समक्ष तरह तरह की परेशानी उत्पन्न हो जाती है।


