Gangapar News: वापस लौटने लगा बाढ़ का पानी, नहीं खत्म हुईं मुश्किलें
Gangapar News: बारा/शंकरगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। बारा तहसील के टोंस एवं उसकी सहायक नदी लोनी नदी में आया

Gangapar News: बारा तहसील के टोंस एवं उसकी सहायक नदी लोनी नदी में आया बाढ़ का पानी शनिवार को घटने लगा है। पानी घटने से लोगों ने राहत महसूस किया है। ग्रामीणों के अनुसार बाणसागर के 14 फाटक और बकिया बैराज के 10 फाटक खोले जाने के बाद टोंस नदी में पानी का दबाव तेजी से बढ़ा है। देवरा के पास लोनी नदी के टोंस में मिलने के कारण टोंस का पानी लोनी नदी में भी तेजी से पहुंच गया। इसके चलते लोनी नदी का पानी पीछे की ओर फैलने लगा था और उससे जुड़े डढ़िया नाले तथा फरिहा-ओझा नाले भी विकराल रूप ले लिया था। शनिवार को बाढ़ का पानी रुकने से सभी नालों का पानी भी ठहर गया है। कई मार्ग हुए बंद
बाढ़ के कारण संबंधित मार्ग
इलाके में हो रहे बरसात से टोंस और लोनी नदी में आई बाढ़ से क्षेत्र के कई मार्गों पर पानी भर गया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है। बराडीह से फरिहा-ओझा तथा बराडीह से इटवा-देवरा जाने वाले मार्ग, भगदेवा-बराडीह मार्ग बंद हो गए।
कई गांव प्रभावित, फसलें डूबीं
लगातार हो रही बरसात से आई बाढ़ से क्षेत्र के बराडीह, इटवा, लोनीपार, देवरा, फरिहा-ओझा, कपड़ौरा, रामापार, सिंहपुर, मांडों और बसदेवा, ककरहा आदि गांवों बाढ़ से प्रमुख रूप से प्रभावित हैं। किसानों के अनुसार बाढ़ से उड़द, ज्वार, तिल, धान के खेत पूरी तरह जलमग्न हैं। इससे किसानों की पूरी फसल चौपट हो गई है। फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बिजली आपूर्ति बंद
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में गुरुवार दोपहर से विद्युत आपूर्ति बंद है। ग्रामीणों के मुताबिक रात में बस्तियों में घोर अंधकार की स्थिति बनी हुई है और लोग भयभीत हैं। बाढ़ का पानी बढ़ने के बीच बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। भाजपा नेता कुलदीप पाठक ने बताया कि शनिवार को भगदेवा बराडीह मार्ग खुल गया है। नदी घट रही है।बराडीह कोल बस्ती वालों को काफी परेशानी है। सुरेन्द्र एवं वीरकुंवर का घर नष्ट हो गया है।बराडीह के विवेक सिंह के घर में शरण लिए है।
प्रशासन द्वारा राहत शिविर शुरू
बाढ़ क्षेत्र में एसडीएम बारा शिखा संखवार, तहसीलदार बारा अनिल पाठक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं एवं राहत कार्य जारी है। तहसीलदार बारा ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र में टीम लगाई गई है फिलहाल आज वहां पर तेजी से पानी घट रहा है। लगभग 5 फीट पानी नीचे जा चुका है। उम्मीद लगाई जा रही है कि एक-दो दिन में पानी बिल्कुल खत्म हो जाएगा। तभी भी ऐतिहातन टीमों को निर्देशित किया गया है राहत सामग्री के साथ-साथ अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।


