एक सप्ताह से माइनर जाम, जंगल में बह रहा नहर का पानी
Gangapar News - मांडा। उपरौध राजबहा से संबंधित मझिगवां माइनर के झरने को तोड़कर पत्थर भर देने से
उपरौध राजबहा से संबंधित मझिगवां माइनर के झरने को तोड़कर पत्थर भर देने से नहर में आ रहा पानी एक सप्ताह से जंगल में निरर्थक बहकर बर्बाद हो रहा है और टेल पर बसे तमाम किसान अपने खेतों की सिंचाई के लिए परेशान हैं। सूचना के बावजूद विभागीय अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। मांडा दक्षिणी पहाड़ी भाग के उपरौध क्षेत्र के डेढ़ दर्जन ग्राम पंचायतों में सिंचाई का एकमात्र साधन उपरौध राजबहा से संबंधित नहरें ही हैं। उपरौध राजबहा की मझिगवां माइनर मजनूं गाँव के पहले एक सप्ताह पहले झरने को तोड़कर पहाड़ी पत्थर से नहर जाम कर दिया गया है।
नहर जाम होने से मझिगवां टेल पर बसे तमाम गांवों तक नहर का पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है। मझिगवां माइनर के टेल पर बसे महेंद्र कुशवाहा, जटा शंकर कुशवाहा, रविंद्र कुमार कुशवाहा, शिव शंकर कुशवाहा, राजदेव कुशवाहा, अवधेश कुशवाहा, डाक्टर, सुभाष आदि तमाम किसानों ने बताया कि नहर का झरना पहले से ही टूटा था। नहर में पानी आने के बाद झरने में पहाड़ी पत्थर आकर जाम हो गये, जिससे नहर का पानी आगे बढ़ने के बजाय एक हफ्ते से जंगल में निरर्थक बह रहा है। किसानों ने यह भी बताया कि टूटे झरने की जानकारी किसानों ने उपरौध राजबहा के सिंचाई अधिकारियों को पहले ही दी थी, तीन दिन पहले खबर भी प्रकाशित हुआ, लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने लापरवाही बरती, जिससे नहर जाम हो गयी और टेल पर बसे गांवों तक नहर का पानी पहुंचने के बजाय जंगल में बहकर बर्बाद हो रहा है। किसानों ने यह भी बताया कि छह महीने बाद नहर में पानी आया भी, तो सिंचाई अधिकारियों की लापरवाही के चलते खेतों के बजाय जंगल में बह रहा है। तमाम किसानों ने पूरे प्रकरण में जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और यथाशीघ्र जाम नहर ठीक करके मझिगवां माइनर के टेल पर बसे किसानों के खेतों तक पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




