Gangapar News: समितियों और दुकानों पर आसानी से मिल रही यूरिया
Gangapar News: विभाग ने पर्याप्त स्टॉक होने का किया दावा, किसानों को खाद के लिए नहीं लगानी पड़ रही लंबी दौड़। सैदाबाद। खरीफ सीजन में धान की फसल में खाद की बढ़ती जर

Gangapar News: खरीफ सीजन में धान की फसल में खाद की बढ़ती जरूरत के बीच यूरिया की उपलब्धता को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सैदाबाद क्षेत्र में किसानों को यूरिया के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। एडीओ सहकारिता दिलीप सिंह के अनुसार क्षेत्र की 11 साधन सहकारी समितियों में से नौ समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। इसके अलावा क्षेत्र की निजी खाद की दुकानों पर भी यूरिया का स्टॉक मौजूद होने का विभाग ने दावा किया है। धान की फसल में इस समय यूरिया की मांग बढ़ गई है। फसल की बढ़वार के लिए किसान खेतों में यूरिया का छिड़काव कर रहे हैं।
ऐसे में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों के बीच बनी आशंका के बीच समितियों पर यूरिया मिलने से उन्हें राहत मिली है। अधिकारियों के अनुसार समितियों पर उपलब्ध यूरिया का किसानों की आवश्यकता के अनुसार वितरण किया जा रहा है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। समितियों और निजी दुकानों पर खाद के स्टॉक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों को निर्धारित दर पर ही यूरिया उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।किसानों का कहना है कि धान की फसल में इस समय यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। समय से खाद नहीं मिलने पर फसल की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध होने से किसानों को काफी सहूलियत हो रही है।हालांकि क्षेत्र की 11 सहकारी समितियों में से दो समितियों पर यूरिया की उपलब्धता नहीं होने की बात सामने आई है।


