किसानों की भारी भीड़ और हंगामे के कारण समिति से भागी पुलिस
Gangapar News - मांडा की साधन सहकारी समिति मझिगवां में नहीं हो पाया खाद का वितरण मांडा। पिछले
पिछले तीन दिनों से साधन सहकारी समिति मझिगवां में किसानों की भारी भीड़ और खाद कम होने के कारण समिति संचालक वितरण नहीं कर पा रहा है। समिति की सुरक्षा हेतु पहुंचे पुलिस कर्मी भी किसानों का हंगामा देख दस मिनट बाद ही वापस चले गए और समिति से खाद का वितरण चौथे दिन भी नहीं हो पाया। मांडा क्षेत्र के साधन सहकारी समिति मझिगवां में चार दिन पहले 440 बोरी यूरिया आयी थी। खाद उपलब्ध होने की जानकारी होते ही तमाम किसान व महिला किसान समिति पर पहुँच गये। किसानों का कहना है है कि समिति के अंतर्गत मांडा विकास खंड के नौ ग्राम पंचायत हैं।
ग्राम पंचायत स्तर पर खाद का वितरण किया जाये। महिला व बुजुर्ग किसानों का कहना है कि पहले उनको खाद दिया जाये। समिति संचालक संतोष सिंह ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुए। पिछले तीन दिनों से किसानों के हंगामे के चलते खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। समिति संचालक संतोष सिंह की सूचना पर शुक्रवार सुबह दस बजे दो सिपाही खाद वितरित कराने के लिए मझिगवां समिति पर गये, लेकिन वहाँ खाद कम और किसानों व महिला किसानों की संख्या काफी अधिक होने और किसानों के हंगामे के चलते दस मिनट बाद ही दोनों सिपाही वापस लौट गए। अनहोनी की आशंका से त्रस्त समिति संचालक शुक्रवार को भी खाद का वितरण नहीं कर पाये। मांडा क्षेत्र के मझिगवां, हाटा साधन सहकारी समिति में ही इस समय खाद है। इसके अलावा मांडा खास, कोसड़ाकला, महुआरीकला, महेवा कला, दिघिया, चकडीहा आदि समितियों पर खाद खत्म है। क्षेत्रीय किसानों ने जिला प्रशासन से डिमांड के अनुसार मांडा क्षेत्र के सभी समितियों में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




