पटरियों पर अतिक्रमण, नोटिस के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
Gangapar News - शंकरगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत शंकरगढ़ के मुख्य बाजार सदर बाजार में फुटपाथ (पटरियों) पर
नगर पंचायत शंकरगढ़ के मुख्य बाजार सदर बाजार में फुटपाथ (पटरियों) पर अतिक्रमण ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सदर बाजार क्षेत्र में वर्षों से धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ता गया, लेकिन हाल के समय में स्थिति और गंभीर हो गई है। कई दुकानों के बाहर पटरियों पर स्थायी रूप से सामान रख दिया गया है, वहीं कुछ स्थानों पर अस्थाई ढांचे भी खड़े कर दिए गए हैं। इससे बाजार की सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सूत्रों के मुताबिक नगर पंचायत शंकरगढ़ प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
नतीजतन अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं और समस्या जस की तस बनी हुई है। बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों एवं कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग किया है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि अभियान चलाकर पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नोटिस दिए जाने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकट हो सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


