अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और फाल्ट से उपभोक्ता बेहाल
भारतगंज, हिन्दुस्तान संवाद। जेठ की भीषण गर्मी और उमस के बीच कस्बा भारतगंज में बिजली संकट गहराया हुआ है। अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और लगातार हो रहे तकन
जेठ की भीषण गर्मी और उमस के बीच कस्बा भारतगंज में बिजली संकट गहराया हुआ है। अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और लगातार हो रहे तकनीकी फाल्टों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिन में झुलसाती धूप और बिजली की आंखमिचौली से लोगों की परेशानी बढ़ी है। घरों में पंखे और कूलर बेअसर साबित हो रहे हैं। कस्बा भारतगंज की विद्युत आपूर्ति जिगना पावर हाउस से मांडा रोड पावर हाउस होकर होती है। लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या को दूर करने के लिए बीते दिनों भारतगंज के जेई प्रशांत श्रीवास्तव ने कर्मचारियों के साथ भीषण तपिश के बीच करीब नौ किलोमीटर लंबी 33 केवी नई लाइन तैयार कराई, जिससे उपभोक्ताओं में बेहतर विद्युत व्यवस्था की उम्मीद जगी थी।
हालांकि नई लाइन तैयार होने के बावजूद फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी है। कस्बे में आए दिन जर्जर तारों में स्पार्किंग, जम्फर उड़ने, फेस उड़ने एवं ट्रांसफार्मर फ्यूज खराब होने तथा ब्रेकडाउन जैसी तकनीकी दिक्कतों के कारण घंटों घंटो आपूर्ति बाधित हो रही है। एक फाल्ट ठीक होते ही दूसरे फाल्ट की समस्या सामने आ जाती है, जिससे विद्युत कर्मियों को लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है। बिजली संकट का असर छात्रों की पढ़ाई के साथ व्यापार, पेयजल आपूर्ति आदि पर पड़ रहा है।लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने हालात और मुश्किल कर दिए हैं। जेई प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि टीम सहित रात-दिन फील्ड में रहकर फाल्ट दूर करने में जुटे हैं। नई 33 केवी लाइन का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ तकनीकी कारण से इसे चालू होने में एक सप्ताह लग सकता है। उन्होंने कहा कि नई लाइन शुरू होते ही लो वोल्टेज और बार-बार होने वाली कटौती की समस्या में सुधार होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


