Gangapar News: 20 साल से नालियां नहीं हुईं चौड़ी, 10 मिनट की बारिश में पानी-पानी हो जाता है कस्बा
Gangapar News: मऊआइमा। नगर पंचायत मऊआइमा में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी
Gangapar News: नगर पंचायत मऊआइमा में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। करीब दो दशक से नालियों का चौड़ीकरण नहीं होने और उन पर अतिक्रमण के कारण हल्की बारिश में ही कस्बे की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। सबसे अधिक समस्या तीन बत्ती चौराहे, स्टेशन रोड, झाली बाबा और हवाईदार मोहल्ले में देखने को मिलती है। नगर पंचायत में पिछले करीब 20 वर्षों से नालियों का चौड़ीकरण नहीं हुआ है। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर लोगों ने कब्जा कर रखा है, जिससे उनकी नियमित सफाई नहीं हो पाती। नतीजतन नालियां चोक हो जाती हैं और बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता।
आजमपुर के वार्ड सदस्य अतीक अहमद के मुताबिक नाली चौड़ी न होने से कस्बे के तीन बत्ती चौराहे पर सबसे अधिक जलभराव होता है। यहां रिमझिम बारिश शुरू होते ही पानी जमा होने लगता है, जबकि थोड़ी तेज बारिश होने पर घुटनों तक पानी भर जाता है। इसके अलावा स्टेशन रोड स्थित झाली बाबा और हवाईदार मोहल्ले में भी हर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। यह इलाका नगर पंचायत कार्यालय के पास होने के बावजूद समस्या से जूझ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े नाले तो बनाए गए हैं, लेकिन आबादी के भीतर की नालियां काफी संकरी हैं। इनमें पानी की निकासी पर्याप्त नहीं हो पाती और सफाई भी पूरी तरह संभव नहीं होती। लोगों ने जलभराव से स्थायी राहत के लिए नई नालियां बनाने, पुरानी नालियों का चौड़ीकरण करने तथा बड़े गटर विकसित करने की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष शोएब अंसारी ने कहा कि नालों की सफाई उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आती। इसके बावजूद बागी गांव की ओर निकलने वाले नाले की जेसीबी से सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जहां भी पानी जमा होगा, वहां पंप लगाकर पानी निकाला जाएगा। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और इस बार नगर पंचायत में जलभराव नहीं होने दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


