Gangapar News: सावन के आखिरी सोमवार को गंगा तटों पर उमड़ी आस्था
Gangapar News: हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे घाट, बोल बम के जयकारों के साथ कांवरियों ने गंगा स्नान कर भरा जल (फोटो) नवाबगंज। सावन के चौथे व अन्तिम सोमवार पर क्षे

Gangapar News: सावन के चौथे व अन्तिम सोमवार पर क्षेत्र में शिवभक्ति की धूम रही। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह होते ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा तट गूंज उठे। शिव मंदिरों में आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच शिव भक्तों ने रुद्राभिषेक किया। श्रृंग्वेरपुर धाम और कुरेसर स्थित कौरेश्वरनाथ धाम के गंगा तटों पर बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद कांवर में पवित्र जल भरा। इसके बाद कांवरिए पैदल अपने-अपने निर्धारित शिवालयों की ओर रवाना हुए।
कांवरियों के जयकारों से रास्ते भी भक्तिमय नजर आए। सावन के चौथे सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों के आसपास पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर भी चहल-पहल रही। गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंस्पेक्टर नवाबगंज पंकज अवस्थी, श्रृंग्वेरपुर चौकी इंचार्ज कुंवर भान चन्द पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। प्रशासन की निगरानी में श्रद्धालुओं और कांवरियों की आवाजाही होती रही। सावन के चौथे सोमवार पर पूरे क्षेत्र में दिनभर शिवभक्ति का माहौल बना रहा।

