परवेजाबाद में मिला डेंगू का मरीज, दर्जनों बीमार
विकास खंड जसरा के ग्राम पंचायत परवेजाबाद में गुरुवार शाम को डेंगू का एक मरीज मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है। गांव में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित...

बारा। हिन्दुस्तान संवाद
विकास खंड जसरा के ग्राम पंचायत परवेजाबाद में गुरुवार शाम को डेंगू का एक मरीज मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है। गांव में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है।
परवेजाबाद गांव निवासिनी अन्तिमा देवी (45) पत्नी राजेश चौधरी कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। गुरुवार को एक निजी अस्पताल में जांच कराया तो डेंगू बुखार पाया गया। इसकी जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया है। गांव में मुंशी धोबी (35), आशा चौधरी (26) पत्नी अरविंद चौधरी, सुनीता देबी (45) पत्नी नन्द लाल कुशवाहा, ललिता देवी (46) पत्नी महेश प्रसाद विश्वकर्मा, छेदी आदिवासी (40), बिटोला (45) पत्नी सन्त लाल, सुखदेव सेन पुत्र राम देव, शिमला (35) पुत्र अयोध्या प्रसाद, गुलजार चौधरी (55), रामपती (60) सहित दर्जनों लोग बुखार से बीमार हैं। गांव के कुशल सिंह ने बताया कि एक पखवाड़े पहले दो दर्जन से अधिक लोग बुखार से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में आ कर दवा दी थी। अधीक्षक सीएचसी जसरा डाक्टर तरुण पाठक ने प्रधान को अस्पताल से दवा ला कर छिड़काव कराने के लिए कहा था किंतु गांव में छिड़काव नहीं हो सका है। अब डेंगू बुखार आने से लोग परेशान हैं।
