Hindi NewsUttar-pradesh NewsGangapar NewsContaminated Water Crisis in Shankar Garh Residents Demand Action
कई मोहल्लों में दूषित पेयजल आपूर्ति, रोष

कई मोहल्लों में दूषित पेयजल आपूर्ति, रोष

संक्षेप:

Gangapar News - नगर पंचायत शंकरगढ़ के मोहल्लों में जल निगम की लापरवाही से लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलापूर्ति प्रदूषित है, जिससे स्वास्थ्य पर खतरा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। नागरिकों ने जिला प्रशासन से पाइपलाइन की मरम्मत की मांग की है।

Jan 15, 2026 02:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गंगापार
share Share
Follow Us on

शंकरगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत शंकरगढ़ के सदर बाजार, हज्जी टोला सहित कई मोहल्लों में जल निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही से लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम द्वारा की जा रही जलापूर्ति पूरी तरह प्रदूषित है, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। जल निगम की पाइपलाइन कई स्थानों से टूटी हुई है। इन टूटी पाइपों के कारण नालियों का गंदा पानी पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। हालात यह हैं कि कभी पानी की आपूर्ति नहीं होती और जब होती है तो बदबूदार और गंदा पानी निकलता है, जिसका उपयोग मजबूरी में नहाने, धोने और यहां तक कि पीने में भी किया जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

नगरवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की शिकायत कई बार जल निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बताया गया कि विभाग में कर्मचारियों की कमी है और मात्र एक-दो कर्मचारियों के भरोसे पूरा तंत्र चल रहा है, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिन घरों में निजी नलकूप हैं, वहां के लोग किसी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन जो परिवार पूरी तरह जल निगम की आपूर्ति पर निर्भर हैं, वे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। दूषित पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे हैं। नगरवासियों ने जिला प्रशासन से पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।