चेयरमैन कोरांव ने घटिया सड़क निर्माण को रोका, की शिकायत
Gangapar News - कोरांव के चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने धरकार बस्ती से बिहार बस्ती तक 1800 मीटर लंबी निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताविहीन काम पाए जाने पर उन्होंने कार्य रोक दिया। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया। केशरी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी दृढ़ता दिखाई।

कोरांव/गिरगोंठा, हिन्दुस्तान संवाद चेयरमैन कोरांव ओम प्रकाश केशरी ने मंगलवार को नगर पंचायत कोरांव अंतर्गत धरकार बस्ती से बिहार बस्ती तक लगभग 1800 मीटर दूरी तक सिंचाई विभाग की ओर से निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माणाधीन काली सड़क में ठेकेदार द्वारा शासन की मंशा के विपरीत गुणवत्ताविहीन काम कराया जा रहा है। अधोमानक निर्माण कार्य के कारण चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए काम को रोकवा दिया। मामले में संबंधित उच्च अधिकारियों से वार्ता की और उन्हें यथा स्थिति से अवगत कराया। चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने कहा कि नगर में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
सरकार की मंशा के विपरीत अधोमानक से कोई भी कार्य नगर में नही हो पाएगा। फिलहाल निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सड़क में खामियां मिलने व मौजूद जिम्मेदार द्वारा सफाई दिए जाने पर चेयरमैन खफा हो गए। उनका रोष देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्यदाई संस्था बेलन नहर प्रखंड के इंजीनियरें से बार बार सड़क निर्माण में गुणवत्ता पूर्ण कार्य कराने की बात कही जाती रही किन्तु ठेकेदार अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहा था। अधोमानक से निर्माणाधीन सड़क को चेयरमैन द्वारा रोके जाने पर स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सभासद राजकुमार केशरी, सुमित कुमार पाण्डेय सहित कई पत्रकार और आसपास के बहुत से लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



