Gangapar News: घूरपुर में सिर कूंचकर युवक की हत्या
Gangapar News: घूरपुर, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के सारंगापुर गांव के हाईवे किनारे एक चौरा पर गांव के

Gangapar News: क्षेत्र के सारंगापुर गांव के हाईवे किनारे एक चौरा पर गांव के ही युवक की सिर कूंचकर हत्या की हुई लाश मिलने से हडकंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ एसीपी और फील्ड यूनिट टीम पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घूरपूर थाना क्षेत्र के सारंगापुर गाँव के पासियान मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय राहुल भारतीय पुत्र संतलाल भारतीय नैनी सब्जी मंडी में सब्जी का कारोबार करता था। सुबह भोर में ही वह घर से निकल जाता था और देर रात्रि घर लौटता था। शुक्रवार को वह गांव में बारह बजे रात्रि तक देखा गया था। शनिवार की सुबह जब गांव के लोग घर से बाहर हाईवे की ओर निकले तो रास्ते में पड़ने वाले एक चौरा पर उसका शव पड़ा मिला। उसके चेहरे और सिर को ईंट पत्थरों से बुरी तरह कूंच कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। ग्रामीणों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना एसओ घूरपुर अतुल कुमार मिश्र को हुई तो वह एसीपी कौंधियारा और फील्ड यूनिट को सूचना देकर मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने शव के आस पास साक्ष्य एकत्र करते हुए जांच की। घूरपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
आशनाई के चक्कर में हत्या होने की आशंका
सारंगापुर के राहुल भारतीय की सिर कूचकर हत्या मामले में ग्रामीण और न ही उसके परिजन ही जुबान खोल रहे है। उधर ग्रामीणों की मानी जाए तो राहुल का गांव के किसी भी व्यक्ति से कोई विवाद भी सुनने को मिल रहा है। फिर हत्या क्यों हुई उस पर दबी जुबान लोग आशनाई के चलते ही हत्या की आशंका जता रहे है। बाकी पुलिस की जांच के बाद ही मामला साफ होगा।
शव के पास ही मिला रक्त रंजित ईंट का टुकड़ा
जिस चबूतरे पर राहुल का शव पड़ा मिला उसी के पास में ही हत्या में प्रयुक्त रक्त रंजित ईंट पत्थर का टुकड़ा भी मिला जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है ।
हत्या के विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच
एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। आस पास के लगे सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच के बाद हत्या के विभिन्न कारणों पर पुलिस टीम को जांच के लिए लगाया गया है। मृतक के भाई शुभम की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


