भरभरा कर गिरा ब्रिज टावर, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
Gangapar News - प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के जगबंधनपुर गांव में शनिवार को एक ब्रिज टावर गिरने से सात मजदूर घायल हो गए। घायलों का इलाज सहसों के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। गंभीर स्थिति के चलते दो...
सहसों (प्रयागराज), हिन्दुस्तान संवाद। सरायइनायत थानांतर्गत जगबंधनपुर गांव में शनिवार दोपहर तार खींचते समय ब्रिज टावर भरभरा कर नीचे गिर गया। उसके नीचे काम कर रहे सात मजदूर घायल हो गए। घायलों का सहसों स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो मजदूरों को हालत गंभीर होने की वजह से स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के जगबंधनपुर गांव से होकर रिंग रोड जा रही है। इसके ऊपर से 400 केवीए का हाई पावर तार गया हुआ है। हाई वोल्टेज बिजली के कारण रिंगरोड का यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए रिंगरोड के दोनों तरफ लगे टावर को और ऊंचा किया जा रहा है। इस काम में करीब 30 से 35 मजदूर लगे हुए थे। टावर को ऊंचा करके तैयार कर दिया गया था। शनिवार दोपहर 2 बजे मशीन से तार को खींचा जा रहा था। इसी बीच अचानक तेज आवाज के साथ ब्रिज टावर भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। टावर पर चढ़कर काम कर रहे मजदूर घायल हो गए। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। वहां पर काम कर रहे मजदूर दहशत में आकर इधर-उधर शोर मचाते हुए भागने लगे। जानकारी होते ही आसपास गांव के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। घटना में सात मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों के प्रयास से सभी घायलों को सहसों के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने सलीम और आमिर की स्थिति गंभीर देखकर प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि जानकारी होते ही सहसों चौकी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।