एसआईआर: भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया जागरूकता अभियान नवाबगंज
Gangapar News - नवाबगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए विशेष जनजागरण कार्यक्रम चलाया। युवा और महिलाओं से अपने नाम पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया। नेताओं ने बताया कि हर नागरिक का मतदाता सूची में होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

नवाबगंज, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के हथिगहां, चंपतपुर सहित आसपास के गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत व्यापक जनजागरण कार्यक्रम चलाया। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और त्रुटियों को ठीक कराने के लिए प्रेरित किया। भाजपा नेता उमेश तिवारी व अन्य पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से बताया कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है।
कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय रहते आवेदन करना जरूरी है। इस दौरान ग्रामीणों को मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी अन्य जानकारियां भी दी गईं। अभियान में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से विशेष रूप से आगे आकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि आगामी चुनावों में अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


