जवान को लाठी डंडे से पीटा, आर्मी अस्पताल में भर्ती
Gangapar News - नवाबगंज। थाना नवाबगंज क्षेत्र में घराती-बाराती को शांत कराना एक सेना के जवान को भारी

थाना नवाबगंज क्षेत्र में घराती-बाराती को शांत कराना एक सेना के जवान को भारी पड़ गया। दूल्हा पक्ष के लोगों ने आर्मी में तैनात महेंद्र यादव की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महेंद्र का इलाज आर्मी अस्पताल में चल रहा है। सूचना के बाद नवाबगंज पुलिस घटना का कारण तलाशने में जुट गई है। हरबंशपुर टेकी पट्टी थाना बाघराय जनपद प्रतापगढ़ निवासी मनोज कुमार यादव ने नवाबगंज पुलिस को तहरीर देकर आपबीती सुनाई। तहरीर के मुताबिक 17 मई को मनोज कुमार का भाई महेंद्र यादव अपने छोटे भाई जीतू यादव की साली के शादी में ग्राम कासिमपुर झरहा आया था।
बारातियों को पानी पिलाने की व्यवस्था चल रही थी। इसी बीच बारात पक्ष व घराती पक्ष के बीच पानी पिलाने के मामले में आपस में कहासुनी होने लगी। तभी दुल्हा पक्ष का भाई जय सिंह यादव, उदय राज यादव, गया प्रसाद यादव समेत कई लोगों ने आर्मी एएससी कोड हैदराबाद में सेना में कार्यरत महेंद्र कुमार यादव को राड, लाठी डंडे से मारने पीटने लगे। गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दिया। महेंद्र यादव को सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल महेंद्र को परिजन नजदीक के अस्पताल लेकर भागे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। महेंद्र की हालत बिगड़ते देख डाक्टरों ने रेफर कर दिया। परिजनों ने महेंद्र को आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है। इंस्पेक्टर नवाबगंज राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करके मामले की हकीकत खंगाली जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।