Gangapar News: जल निकासी के लिए काट दी गई सड़क, ग्रामीण परेशान
Gangapar News: प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र में उमापुर टोल प्लाजा के पास बारिश के बाद सड़क का कटाव हो गया था। विकास खंड जसरा ने जलभराव से बचाने के लिए सड़क को कटवा दिया था, लेकिन मरम्मत नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है, खासकर स्कूली बच्चों को कठिनाई हो रही है।

Gangapar News: बारा, हिन्दुस्तान संवाद। प्रयागराज-बांदा हाईवे पर बारा थाना क्षेत्र के उमापुर टोल प्लाजा के पास से गांव तक जाने वाली सड़क को बरसात में जलभराव के कारण विकास खंड जसरा के कर्मचारियों द्वारा कटवा दिया गया था किन्तु बरसात बाद भी सड़क को ठीक नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।बांदा हाईवे पर उमापुर टोल प्लाजा के पहले से एक संपर्क मार्ग प्राथमिक विद्यालय उमापुर होते हुए लगभग दो किमी घूम कर पुनः हाईवे पर मिलती है। सड़क की मरम्मत विगत वर्षों में ग्रामीणों द्वारा कराया गया था और गिट्टी, मोरंग बिछा कर आवागमन सुलभ कर दिया गया था। बताया गया कि अतिवृष्टि के कारण चारों ओर पानी भर गया था और पास की बस्ती पर संकट छा गया था।
बस्ती को जलभराव से बचाने के लिए विकास खंड जसरा द्वारा सड़क को कटवा दिया गया था किन्तु उसके बाद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। विशेषकर स्कूली बच्चों को विशेष परेशानी होती है। छात्र छात्राएं पगडंडी (मेड़)से आते जाते हैं। अक्सर खेत में गिर भी जाते हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत जसरा विनोद कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रकरण की जानकारी है। बरसात अभी बंद हुई है। शीघ्र ही काटी गई रोड को ठीक कराया जाएगा।


