Gangapar News: चारपाई पर सो रहे मासूम को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत
Gangapar News: कौंधियारा/करछना,हिसं। घर के भीतर परिवार के साथ सो रहे 10 वर्षीय बालक की सांप के डंसने से मौत हो गई। देर रात अचानक पैर में सर्पदंश होने के बाद परिजन

Gangapar News: घर के भीतर परिवार के साथ सो रहे 10 वर्षीय बालक की सांप के डसने से मौत हो गई। देर रात अचानक पैर में सर्पदंश के बाद परिजन उसे अस्पतालों में लेकर दौड़ते रहे, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। करछना थाना क्षेत्र के गिधौरा बीरपुर गांव निवासी विनोद हरिजन का 10 वर्षीय पुत्र श्लोक गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर के अंदर चारपाई पर सो गया था। पास ही दूसरी चारपाई पर उसके माता-पिता भी सो रहे थे। देर रात किसी जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया। कुछ ही देर में श्लोक की तबीयत बिगड़ने लगी और वह दर्द से चीखने लगा।
आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे पहले नजदीकी अस्पताल और फिर मेजा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की सहमति के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। श्लोक कक्षा तीन का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।


