गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का धमाका, दो दिन में सात गुना बढ़ा ट्रैफिक
मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला 549 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे अब स्पीड का नया अड्डा बनता जा रहा है। उद्घाटन के बाद महज दो दिनों में ही इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या में सात गुना उछाल दर्ज हुआ है।

UP News: मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला 549 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे अब सिर्फ सड़क नहीं, स्पीड का नया अड्डा बनता जा रहा है। उद्घाटन के बाद महज दो दिनों में ही इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या में सात गुना उछाल दर्ज हुआ है, जिसने साफ कर दिया है कि रफ्तार के शौकीनों को यह कॉरिडोर खूब भा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। उद्घाटन के अगले ही दिन गुरुवार को जहां करीब 300 वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़े-उतरे थे, वहीं शनिवार आते-आते यह संख्या सात गुना तक बढ़ गई। शनिवार को 2215 वाहन सवार जनपद के तीनों रैंप प्लाजा से एक्सप्रेसवे पर चढ़े, जबकि 2250 वाहन अलग-अलग स्थानों से उतरकर जनपद में दाखिल हुए। इस तेज बढ़ोतरी ने साफ संकेत दे दिया है कि लोगों में इस एक्सप्रेसवे को लेकर जबरदस्त उत्साह है। खासतौर पर वे लोग जो लंबी दूरी कम समय में तय करना चाहते हैं, उनके लिए यह मार्ग बेहद आकर्षक साबित हो रहा है।
आने वाले दिनों बढ़ सकती हैं गाड़ियों की संख्या
टोलकर्मियों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और तेजी से बढ़ सकती है। जैसे-जैसे लोगों को एक्सप्रेसवे की सुविधाओं, स्मूद ड्राइव और समय की बचत का अनुभव होगा, ट्रैफिक और बढ़ना तय है। बता दें कि 19 मई तक इस एक्सप्रेसवे पर टोल फ्री सुविधा दी गई है। टोल बूथ पर वाहनों को रोका जरूर जा रहा है, लेकिन केवल उनकी एंट्री दर्ज की जा रही है। उन्नाव में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोनिक और बशीरगंज के पास, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ने के लिए बांगरमऊ के शादीपुर गांव के पास इंटरचेंज बनाए गए हैं।
अधिकतम 120 की रफ्तार से फर्राटा भरेंगे वाहन
बांगरमऊ और सोनिक स्थित इंटरचेंज रैंप प्लाजा पर सबसे अधिक वाहन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आए। कार्यदायी संस्था यूपीडा की ओर से कारों की अधिकतम गति 120 किमी/घंटा, बसों की 100 किमी/घंटा और मालवाहक वाहनों की 80 किमी/घंटा निर्धारित है। इसके बावजूद कई वाहन सवारों ने तय गति से अधिक में वाहन दौड़ाए।
पंप चालू, अन्य सुविधाओं के लिए करना होगा इंतजार
दही-पुरवा मार्ग के पास दरोगाखेड़ा गांव नजदीक एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भरनेवाले वाहन सवारों के लिए रेस्ट प्वाइंट बनाया गया है। यहां पर पेट्रोल पंप, होटल, मॉल, ट्रामा सेंटर, शौचालय आदि की व्यवस्था है। इनमें शनिवार तक सिर्फ पेट्रोल पंप चालू हो सका। बाकी सुविधाओं के लिए निर्माणकार्य प्रगति पर है। वहीं, एक्सप्रेस-वे पर रोशनी के इंतजाम अधूरे हैं। कार्य प्रगति पर है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

