गंगा एक्सप्रेसवे एक और जगह धंसा, अमरोहा के बाद उन्नाव में मिट्टी बहने से खलबली
लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे के लगातार क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के बीच अब गंगा एक्सप्रेसवे पर गड्ढों ने खलबली मचा दी है। गंगा एक्सप्रेसवे पर अमरोहा के बाद उन्नाव में मिट्टी धंसने से सड़क पर गड्ढा हो गया है।

यूपी में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के बाद अब गंगा एक्सप्रेसवे पर गड्ढों ने चिंता बढ़ा दी है। पहली ही बारिश में गंगा एक्सप्रेसवे पर दो जगहों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। पहले अमरोहा और अब उन्नाव में मिट्टी खिसक गई है। उन्नाव के दही क्षेत्र में बशीरतगंज के पास एक्सप्रेस-वे के किनारे की मिट्टी सोमवार सुबह अचानक धंस गई। करीब 10 मीटर सड़क प्रभावित होने के बाद कार्यदायी संस्था की टीमें मौके पर पहुंचीं और मरम्मत का काम शुरू कराया। धंसी हुई ढलान के पास पानी का रिसाव रोकने के लिए आसपास मिट्टी की मेड़बंदी भी कराई गई है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सराय कटियान के पास नहर पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट के किनारे रविवार को दरार आ गई थी। इसकी मरम्मत का काम पूरा होने के बाद सोमवार सुबह किलोमीटर 421 पर ढलान की मिट्टी धंसने की घटना सामने आई। बता दें कि मेरठ से प्रयागराज तक करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन इसी साल 29 अप्रैल को किया गया था।
दस मीटर लंबाई में घंसी मिट्टी
बारिश के दौरान सोमवार को हाईवे के किनारे करीब 10 मीटर की लंबाई में मिट्टी धंसने के फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश सरकार को घेरते हुए लिखा कि धंसते एक्सप्रेस-वे की कतार में एक और एक्सप्रेस-वे जुड़ गया है।
समाजवादी पार्टी ने उठाए सवाल
सपा ने गंगा एक्सप्रेस-वे के उन्नाव में धंसने का दावा करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। इस संबंध में गंगा एक्सप्रेस-वे के प्रोजेक्ट हेड आरके मिश्रा ने बताया कि एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद पहली बरसात में कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी समस्याएं सामने आ सकती हैं। मौके पर मौजूद तकनीकी टीमें पूरी मुस्तैदी से तत्काल सुधार कार्य में जुटी हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक और निर्धारित मानकों का इस्तेमाल किया गया है। दक्ष तकनीकी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
शुक्रवार को अमरोहा में धंसी की पुलिया
इससे पहले अमरोहा में गारवपुर गांव के पास शुक्रवार शाम पुलिया धंसने से सड़क पर गड्ढा बन गया था। वाहन चालकों की सूचना पर यूपीडा के अफसर मौके पर पहुंचे और एहतियातन संबंधित लेन को बंद कराकर मरम्मत शुरू करा दी। पुलिया और सड़क की मरम्मत के बाद डामर भी डाला गया। आसपास के गांवों के लोगों ने एक्सप्रेसवे पर पहुंचकर स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वहां जाने से रोक दिया गया। मरम्मत के बाद सड़क पर दोबारा डामर डाल दिया गया। यूपीडा के एक्सईएन राकेश कुमार मोगा ने बताया था कि पुलिया मामूली रूप से धंस गई थी। खामी को दुरुस्त करा दिया गया है। उनके मुताबिक, इससे यातायात प्रभावित नहीं हुआ है।


