मार्च में शुरू हुआ, जुलाई में टूटा... 6 महीने भी नहीं टिक सकी गंगा एक्सप्रेसवे की चारदीवारी

हिन्दुस्तान संवाद, प्रतापगढ़
Follow us on Google News
share

योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। एक्सप्रेसवे पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए बनाई गई सुरक्षा चारदीवारी मार्च में संचालन शुरू होने के कुछ ही महीनों बाद ध्वस्त हो गई।

Ganga Expressway boundary wall collapses within 6 months

यूपी में जहां एक के बाद एक एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ महीने बाद ही ये सवालों के घेरे में आ जा रहे हैं। दरअसल, योगी सरकार की महत्वपूर्ण योजना गंगा एक्सप्रेस-वे सड़क पर मवेशियों के प्रवेश से रोकने के लिए सुरक्षा के मद्देनजर चारदीवारी बनाई गई है। मार्च में सड़क पर वाहनों का संचालन शुरू हुआ, लेकिन जुलाई में ही चारदीवारी ध्वस्त हो गई। जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे पर मवेशियों को हाईवे पर आने से रोकने के लिए विभाग ने सड़क के दोनों ओर सीमेंट की पट्टी से चारदीवारी बनाई थी। सीमेंट से बनी चारदीवारी छह महीने भी नहीं चल पाई। प्रतापगढ़ के महेशगंज के आईटीडी कैंप कार्यालय आजाद नगर से पुरमई सुल्तानपुर की ओर जा रही सड़क पर प्रीतमपुर पुल के पास चारदीवारी ध्वस्त हो गई। जिससे लोग निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे हैं। मामले को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर विजय इग्गले ने बताया कि जांच करवाकर शिकायत भेजी जाएगी। निजी कंपनी की टीम लगातार मॉनीटरिंग कर रही है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की सड़क कई जगह धंसी

उधर, मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर बीते गुरुवार को हुई बारिश ने निर्माण और मेंटेनेंस की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के बाद परतापुर से डासना तक कई स्थानों पर सड़क किनारे भारी मिट्टी कटान होने से सड़क में दरारें पड़ गईं और कई हिस्से धंस गए। जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को परतापुर से डासना तक मौके का जायजा लिया गया। जांच के दौरान बहादुरपुर अंडरपास से लेकर डासना तक कई स्थानों पर बारिश के पानी की जलनिकासी के लिए बनाई गई शूटडेन तेज बहाव में क्षतिग्रस्त मिलीं। मिट्टी बह जाने से सड़क के किनारे कई हिस्से खोखले हो गए हैं। काशी टोल प्लाजा के पास धर्मकांटे के निकट सड़क का हिस्सा बैठ गया है। वहीं बहादुरपुर अंडरपास के ऊपर भारी मिट्टी कटान से गड्ढा बन गया है। लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो हादसा हो सकता है।

कई स्थानों पर सर्विस रोड पूरी तरह से बंद

मुरादाबाद गांव के निकट भी करीब 20 मीटर तक सड़क किनारे बना डिवाइडर बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। अच्छरोंडा और बहादुरपुर क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए बनाई सर्विस रोड पर भी एक्सप्रेसवे की ढलान से भारी मात्रा में मिट्टी आकर जमा हो गई। कई स्थानों पर सर्विस रोड पूरी तरह बंद हो गई, जिससे किसानों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मुरादाबाद गांव के पास भी यही स्थिति देखने को मिली।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।