
लखनऊ से कैब बुक कराकर ड्राइवर को लूटकर बहराइच में फेंका, 4 गिरफ्तार; सरगना पर 28 मुकदमे
राजधानी लखनऊ में कैब बुक कराकर ड्राइवर को लूटकर बहराइच में फेंककर फरार हो गए। पुलिस टीम ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी गई कार भी बरामद कर ली है। गिरोह के सरगना रंजीत के खिलाफ 28 मुकदमे कई जनपदों में दर्ज हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ में चिनहट कमता स्थित अवध बस स्टैंड से कैब बुक कराकर जालक को बंधक बनाकर पीटने और कार लूटकर उसे फेंकने के मामले में पुलिस बहराइच पुलिस की स्वाट टीम ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने चार दिन पूर्व कैब बुक की थी। पुलिस टीम ने बदमाशों के पास से लूटी गई कार भी बरामद कर ली है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का सुराग लगा। गिरोह के सरगना रंजीत के खिलाफ 28 मुकदमे कई जनपदों में दर्ज हैं।

एएसपी सिटी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में श्रावस्ती के इकौना अजारपुरवा निवासी रंजीत कुमार उर्फ मंगलेश, रमारमन किडहौना निवासी दिलीप, भिनगा नौबस्ता का लवकुश है । रंजीत के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 28 आपराधिक केस दर्ज है। मास्टर माइंड सरगना रंजीत कार बुक करा साथियों सहित सवार होकर लूटपाट करते थे। गहन पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। विशेषरगंज के बड़ागांव में रहने वाले प्रवेश कुमार ने चार दिन पहले कैसरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि वह कैब चालक है। लखनऊ कमता स्थित अवध बस अड्डे पर वैगनआर लेकर खड़े थे। चार युवकों ने कार बुकिंग कराई थी। चारों को कार से लेकर चल दिए।
बदमाशों ने कार में ही बंधक बना लिया था
कैसरगंज क्षेत्र में बदमाशों ने कार में ही बंधक बना लिया था। लात-घूसों और राड से जमकर पीटा। इसके बाद चलती कार से धक्का देकर फेंक दिया। कार लूट ले गए थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना के राजफाश के लिए स्वाट प्रभारी मनोज कुमार सिंह यादव, कैसरगंज एसएचओ बृजेन्द्र कुमार को लगाया गया था। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। इसके बाद फुटेज के आधार पर बदमाशों की सुरागरशी की और लोकेशन के आधार पर पयागपुर इलाके नटबीर बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।





