अंडरग्राउंड वाटर टैंक में उतरे गुरुकुलम के चार छात्रों की मौत, वृंदावन में हादसे से हड़कंप

वृंदावन (मथुरा) हिन्दुस्तान संवाद
share

यूपी के वृंदावन में बड़ा हादसा हुआ है। अंडरग्राउंड वाटर टैंक में उतरे पाणिनी गुरुकुलम के चार छात्रों की मौत हो गई है। वाटर टैंक से बदबू आने पर छात्र उतरे थे। पांच छात्र उतरे थे, एक की हालत गंभीर है।

Gurukulam student
वृंदावन में अंडरग्राउंड वाटर टैंक में छात्रों के बेहोश होने के बाद चलता राहत कार्य।

यूपी में वृंदावन के वृंदा वाटिका कॉलोनी स्थित पाणीनिम संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार देर रात पानी के अंडरग्राउंड टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की मौत हो गई। एक छात्र की हालत गंभीर है। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। हादसे के बाद डीएम सीपी सिंह और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने घटना की जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी है। गुरुकुल में अलग-अलग प्रांतों के करीब 120 छात्र संस्कृत भाषा और कर्मकांड का अध्ययन करते हैं। मरने वाले छात्रों की उम्र 18 से 24 साल के बीच है।

एक-एक कर उतरे और बेहोश होते गए

मंगलवार शाम गुरुकुल संचालक ने कुछ छात्रों को अंदर बने अंडरग्राउंड वॉटर टैंक की सफाई के लिए लगाया था। उसमें से बदबू आ रही थी। पहले बाल्टियों से पानी निकाला गया। इसके बाद सफाई के लिए एक छात्र टैंक में उतरा। अंदर वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए एक-एक कर चार अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए। एक-एक कर वह भी बेहोश होकर गिर पड़े।

छात्रों के बेहोश होते ही मची चीख-पुकार

छात्रों के टैंक में बेहोश होने की जानकारी पर गुरुकुल में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया। अचेत छात्रों को बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मनु कटारे (24), जबलपुर, देवेश शर्मा (17), विदिशा, आर्यन (18) कौशांबी, विशू (18) मेरठ के रूप में हुई है। रुद्राक्ष की हालत गंभीर है और उसका उपचार चल रहा है।

12 फुट गहरा है टैंक

गुरुकुल में पानी के स्टोरेज के लिए करीब 12 फुट गहरा टैंक बना है। बताया गया कि काफी समय से उसकी सफाई नहीं हुई थी। मंगलवार रात छात्रों को सफाई के लिए लगाया गया था। पानी कम होने के बाद छात्र टैंक में उतरे और हादसा हो गया।

गैस के रिसाव की आशंका

आशंका जताई जा रही है कि किसी गैस के रिसाव से छात्रों की मौत हुई है। इस मामले में जिलाधिकारी सीपी सिंह ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए इस पूरी घटना की जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी है। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता कराया जाएगा कि गुरुकुल मान्यता प्राप्त है या नहीं और वहां रह रहे छात्रों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं।

गंभीर छात्र के इलाज में कोताही न बरतने के निर्देश

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रुद्राक्ष के इलाज में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। साथ ही किसी भी हालत में छात्रों या उनके परिजनों को जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअंडरग्राउंड वाटर टैंक में उतरे गुरुकुलम के चार छात्रों की मौत, वृंदावन में हादसा