
गंगा की धारा के बीच पड़ने लगी बुनियाद, यूपी में सबसे लंबे पुल का निर्माण शुरू; जानें डिटेल
यूपी के बिठूर में इंजीनियरों ने डेरा डाल दिया है। ड्राइंग तैयार कर ली गई है। अब गंगा की धारा के बीच पीयरों की बुनियाद डालने का काम शुरू किया जाएगा। पुल की लंबाई साढ़े तीन किलोमीटर और चौड़ाई सिक्सलेन होगी। रिंग रोड के पैकेज टू-ए के तहत साढ़े आठ किमी के इस सेक्शन में अहम काम नदी पर पुल बनाने का है।
रूस की कंपनी एलएलसी मल्टी इंटर रीजनल ने रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश का सबसे लंबा और चौड़ा नदी पर बनने वाले पुल को बनाने का काम शुरू कर दिया है। बिठूर के गंगा वैली के पीछे कंपनी ने प्लांट लगाया है। कंपनी के इंजीनियरों ने डेरा डाल दिया है और ड्राइंग तैयार कर ली गई है। अब गंगा की धारा के बीच पीयरों की बुनियाद डालने का काम शुरू किया जाएगा। पुल की लंबाई साढ़े तीन किमी और चौड़ाई सिक्सलेन होगी। रिंग रोड के पैकेज टू-ए के तहत साढ़े आठ किमी के इस सेक्शन में अहम काम नदी पर पुल बनाने का है। 736 करोड़ रुपये से भारतीय कंपनी एमएमसी के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। पुल बनाने में कुल लागत 972 करोड़ रुपये आएगी।
93 किमी लंबी रिंग रोड के तीन पैकेजों और पैकेज टू का एक हिस्सा (टू-बी) पर पहले से ही काम चल रहा है। अब टू-ए पैकेज का काम शुरू होने से रिंग रोड के हर फेज पर काम होने लगेगा। यह चौधरिया (मंधना-बिठूर) से ट्रांसगंगा सिटी तक का सेक्शन है। रिंग रोड के पैकेज एक में 23 किमी और पैकेज चार में 25 किमी का काम मैनपुरी की राज कार्पोरेशन करा रही है। पैकेज टू-बी के 19 किमी के सेक्शन का काम अजय प्रकाश असोसिएट्स और पैकेज तीन के 18.45 किमी का काम हिलवेज कंस्ट्रक्शन करा रही है। पैकेज-2 ए का काम रूस की कंपनी कराएगी। चकेरी एयरपोर्ट के पीछे रिंग रोड पर गंगा नदी पर एक किमी का पुल भी बनाने का काम शुरू किया गया है।
सीतापुर-बहराइच सीमा पर है सबसे लंबा पुल
अभी उत्तर प्रदेश में सरयू नदी पर पर सबसे लंबा पुल 3.2 किमी का है, जो कि बहराइच और सीतापुर को जोड़ता है। चहलारी घाट पुल के नाम से इसे जाना जाता है। कानपुर में बनने वाला यूपी का सबसे लंबा और देश का 10वां सबसे लंबा पुल होगा।
क्या बोले अधिकारी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि गंगा वैली के पीछे रूस की कंपनी ने प्लांट लगा दिया है। पैकेज टू-ए और इसके तहत गंगा नदी पर बनने वाले सबसे लंबे पुल को बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। यह प्रदेश का सबसे लंबा और चौड़ा पुल होगा, जो नदी पर बनने जा रहा है।





