यूपी में पूर्व राज्यमंत्री गिरफ्तार, किसानों से ठगी मामले में 3 साल से थे फरार
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को क्राइम ब्रांच की टीम ने मेरठ से गिरफ्तार किया और बरेली के भोजीपुरा पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। जमीनों के सौदे के बहाने किसानों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले महिपाल यादव गैंग के खिलाफ वर्ष 2023 में केस दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ था।

किसानों से ठगी और धोखाधड़ी के साल-2023 के दो मुकदमों में कोर्ट से फरार घोषित पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को क्राइम ब्रांच की टीम ने मेरठ से गिरफ्तार किया और बरेली के भोजीपुरा पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। पन्नालाल कश्यप शातिर ठग महिपाल यादव गैंग का सदस्य है। महिपाल समेत गैंग के कई सदस्यों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
जमीनों का सौदा कराने के बहाने किसानों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले महिपाल यादव गैंग के खिलाफ वर्ष 2023 में मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ था। इस गैंग के खिलाफ भोजीपुरा, मीरगंज, कोतवाली, भुता, प्रेमनगर समेत अन्य थानों में 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो गए। इस पर तत्कालीन आईजी डॉ. राकेश सिंह ने संज्ञान लेते हुए सभी मुकदमों की विवेचना क्राइम से कराने के आदेश दिए।
इनमें दो मुकदमों में गाजियाबाद में थाना नंदग्राम भट्टा संख्या पांच गढ़ी निवासी बसपा सरकार में दर्जा राज्यमंत्री रह चुका पन्नालाल कश्यप भी वांछित था, जिसे कोर्ट ने फरार घोषित किया था। पन्ना लाल गाजियाबाद में ही थाना मधुवन बापूधाम के मोहल्ला संजयनगर का मूल निवासी है, जिसे सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मेरठ-गाजियाबाद मार्ग स्थित परतापुर मेट्रो स्टेशन (मेरठ) के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। इस टीम में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण कुमार व उत्तम कुमार शामिल रहे।
गाजियाबाद के गेस्ट हाउस में हुई थी महिपाल से डील
क्राइम ब्रांच ने पन्नालाल को भोजीपुरा पुलिस को सौंप दिया। वहां हुई पूछताछ में महिपाल ने बताया कि उसने बीटेक और एलएलबी किया है। वर्तमान में वह राजनीति कर रहा है। करीब दो साल पहले महिपाल प्रधान कुछ लोगों को जमीन के सौदे के लिए उसके पास पहुंचा था और अच्छे लाभ का लालच दिया तो वह उनके साथ शामिल हो गया। आरोपियों से गाजियाबाद के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उसकी मुलाकात हुई थी। भोजीपुरा इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से 14 दिन के रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन दोनों केस में पन्नालाल भेजा गया जेल
केस नंबर एक- थाना भोजीपुरा में आठ अगस्त 2023 को क्राइम नंबर 506 पर रामपुर में शाहबाद के मोहल्ला अफगानान निवासी साईम खान ने जमीन की सौदेबाजी के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। इस मुकदमे में घंघोरा पिपरिया के सतेंद्र यादव उर्फ लालू, मसीहाबाद के महिपाल सिंह यादव, उसके भाई राजवीर, बहादुर सिंह, मीरगंज के गांव परौरा के अनुभव बेनीवाल, गाजियाबाद में सेक्टर पांच साहिबाबाद के परवेज अली और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्ना लाल कश्यप को नामजद किया गया था।
केस नंबर दो- यह मुकदमा भी आठ अगस्त 2023 को थाना भोजीपुरा में ही बदायूं में थाना बिनावर के गांव मलिकपुर निवासी अनिल कुमार सिंह ने दर्ज कराया। जमीन की सौदेबाजी के बहाने उनसे 29 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मुकदमे में भोजीपुरा के गांव अभयपुर केसोपुर के देव सिंह राना एडवोकेट, उसके बेटे हितेंद्र राना, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को नामजद किया गया था।


