Hindi NewsUP NewsFormer SP MLA Manbodh Prasad and 18 others face charges of molestation and robbery know the matter
सपा के पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत 18 पर छेड़खानी और लूट का मुकदमा; जानें मामला

सपा के पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत 18 पर छेड़खानी और लूट का मुकदमा; जानें मामला

संक्षेप:

देवरिया के सलेमपुर में सपा के पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत 18 लोगों पर लूट, छेड़खानी, हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई। पीड़िता ने 16 नवंबर 2025 की घटना का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।

Feb 01, 2026 01:18 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, देवरिया
share Share
Follow Us on

देवरिया जिले के सलेमपुर में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत 18 लोगों के खिलाफ सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने लूट, छेड़खानी, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं, पूर्व विधायक के पक्ष का कहना है कि इस विवाद में पहले ही केस दर्ज हो चुका है और दूसरे पक्ष के आरोपी जेल भी जा चुके हैं।

सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 16 नवंबर 2025 की रात कुछ लोग एकजुट होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों के पास लोहे की रॉड, धारदार हथियार और अवैध पिस्टल थी। उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों की पिटाई से एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी की और मंगलसूत्र खींचकर ले गए।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह न्यायालय पहुंची और न्यायालय के आदेश पर अब कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद, उनके बेटे मुकुट मणि, विजय बहादुर, अमन, सूरजभान, रीतू, रितेश, अश्वनी, विमलावती देवी, धानपति देवी, रणविजय, अमरावती देवी, अर्चना देवी सहित पांच अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।

कोतवाली प्रभारी महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनी हुई है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;