
एयरपोर्ट पर हाथ पकड़कर अखिलेश को साइड में खींच ले गए पूर्व विधायक, दोनों में क्या हुईं बातें?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सहारनपुर एयरपोर्ट का बताया जा रहा है। वीडियो में पूर्व विधायक अखिलेश का हाथ पकड़कर उन्हें साइड में ले जाते नजर आ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश का यादव को लेकर लोगों में खासा क्रेज है। पार्टी ही नहीं उसके बाहर के लोगों में भी सपा प्रमुख के प्रशंसक है। अखिलेश यादव जहां भी जाते हैं, उनके आने की खबर मिलते ही युवा और पार्टी के कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए पहुंच जाते हैं। अखिलेश से हाथ मिलाने को लेकर लोगों में खासा उत्साह भी दिखाई देता है। इसी तरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हाथ पकड़कर एक व्यक्ति उन्हें साइड में खींचकर ले जाता है। इसके बाद दोनों के बीच कुछ बाते होती हैं। वायरल वीडियो सहारनपुर एयरपोर्ट का बताया जा रहा है।
दरअसल रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहारनपुर दौरे पर थे। वापसी में अखिलेश यादव जब एयरपोर्ट पर पहुंचे तो यहां पूर्व विधायक मनोज चौधरी समेत कई सपा कार्यकर्ता मौजूद थे। मनोज चौधरी ने सबके सामने अखिलेश का हाथ पकड़ा और खींचकर उन्हें साइड में ले गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मनौज चौधरी ने अखिलेश से कुछ बातचीत की और जाते समय अखिलेश से हाथ मिलाया।
क्या हुईं दोनों नेताओं के बातचीत
सहारनपुर एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव और मनोज चौधरी के बीच क्या बातचीत हुई इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। मनौज चौधरी देवबंद से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। वह चुनाव जीतकर विधायक भी बने थे। उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष भी रही हैं। हालांकि मनौज चौधरी इस समय सपा में हैं। चर्चा है कि 2027 मनौज चौधरी सपा की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसको लेकर वह सपा से देवबंद विधानसभा में टिकट मांग रहे हैं। रविवार को जब अखिलेश सहारनपुर पहुंचे तो वापसी में मनोज चौधरी को अखिलेश से इस बारे में बात करने का मौका मिल गया। अखिलेश से बातचीत के दौरान ही किसी ने वीडियो बनाया और फिर वायरल कर दिया।
बुलडोजर वाले कप सिरप से क्यों डर गए
सहारनपुर में शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कफ सिरप बांटा जा रहा है उन्होंने लोगों को इसे न लेने की सलाह दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले बुलडोजर दिखाकर डराते थे, वे अब कफ सिरप से क्यों डर रहे हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ नीति मजबूत तरीके से चल रही है। उन्होंने कहा कि जिस मामले में मुख्य आरोपी स्वयं न्याय की मांग कर रहा है, वहां भी सरकार न्याय देने से पीछे हट रही है। कफ सिरप केस में भाजपा के लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया। अंबाला रोड स्थित एक बैंकट हॉल में बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने मनोज तिवारी के डॉलर वाले बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि यह लोग गाने-बजाने की बात करें डॉलर की नहीं।
रूट डायवर्ट होने से नहीं आ सका : अखिलेश
सहारनपुर। कद्दावर सपा नेत्री रही व पूर्व विधायक स्व. बिमला राकेश के पुत्र विजयपाल सिंह के आकस्मिक निधन पर अखिलेश यादव उनके घर नहीं जा सके तो पुत्र वधू सुमनलता से फोन पर बात कर सांत्वना दी। बताया कि वह घर आकर दुःख में शामिल होना चाहते थे लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते रूट डायवर्ट होने की वजह से वह नहीं आ पा रहे हैं। अगली बार आएंगे तो वह अवश्य घर आएंगे। यह जानकारी बिमला राकेश के सुपौत्र आलोक सिंह ने दी है।





