
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जेल में बिगड़ी तबीयत, देवरिया से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
देवरिया जेल में बंद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की मंगलवार की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें देवरिया के ही महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां से गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
देवरिया जेल में बंद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की मंगलवार की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें देवरिया के ही महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां से गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अमिताभ ठाकुर को दस दिसंबर को लखनऊ से दिल्ली जाते समय चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था। उन पर जमीन खरीद में धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज केस को लेकर एक्शन हुआ। हालांकि उन्होंने कफ सिरप को लेकर सरकार पर हमले को अपनी गिरफ्तारी का कारण बताया था। अमिताभ की गिरफ्तारी के बाद सियासत भी गरमा गई थी। सपा-कांग्रेस ने भाजपा पर हमले शुरू कर दिए थे।
बताया जा रहा है कि रात साढ़े 11 बजे उनकी तबीयत जेल में अचानक खराब हो गई। हर्ट में दिक्कत होने की सूचना पर जेल के चिकित्सक ने पहले जांच किया। इसके बाद उन्हें देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।
अमिताभ ठाकुर पर क्या आरोप
लखनऊ स्थित गोमतीनगर के विराम खंड निवासी अमिताभ ठाकुर ने वर्ष 1999 में देवरिया में एसपी रहते पत्नी नूतन के नाम से औद्योगिक क्षेत्र में प्लाट खरीदा था। तब नूतन ठाकुर की जगह नूतन देवी व पति का नाम अमिताभ ठाकुर की जगह अभिजात लिखा गया था। सितंबर 2025 में इस मामले में लखनऊ के ताल कटोरा थाने में केस दर्ज कराया गया जिसकी जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। बाद में इसी मामले में देवरिया सदर कोतवाली में भी केस दर्ज कर लिया गया। 10 दिसंबर को पुलिस ने अमिताभ ठाकुर को चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया गया था।
कफ सिरप मामले को दबाने के लिए हुई गिरफ्तारी : ठाकुर
अमिताभ ठाकुर ने कफ सिरप मामले को दबाने के लिए उनकी गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि केवल कफ सिरप के मामले में आवाज उठाने पर ऐसा किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ ही वाराणसी के कुछ भाजपा नेताओं का नाम लिया तो आधी रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मकसद उस मामले को दबाने का था। गिरफ्तारी के समय लग रहा था कि उनका एनकाउंटर किया जाएगा। आज भी कफ सिरप से जुड़े तमाम सबूत उनके पास हैं। असली मुजरिम को बचाया जा रहा है। शुभम जायसवाल केवल प्यादा है।
जमानत याचिका खारिज, आज रिमांड पर आएगा फैसला
अमिताभ ठाकुर की जमानत याचिका और रिमांड पर मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में सुनवाई हुई। सीजेएम न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। रिमांड पर बुधवार को फैसला आएगा। सुनवाई के दौरान पूर्व आईपीएस अधिकारी न्यायालय में मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



