कागजों की पन्नी में लपेटे अन्याय का हिसाब चाहिए; पूर्व IAS दिव्या मित्तल का तीखा हमला
पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल राजनीति में कदम रखेंगी। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर सत्ता और सिस्टम पर तीखे सवाल उठाए।साथ ही कहा कि वह ऐसी राजनीति करना चाहती हैं, जिसमें आम लोगों की समस्याओं और उनके साथ हुए अन्याय का हिसाब लिया जाए।

पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का ऐलान करते हुए व्यवस्था के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी राजनीति करना चाहती हैं, जिसमें आम लोगों की समस्याओं और उनके साथ हुए अन्याय का हिसाब लिया जाए। दिव्या मित्तल ने कागजों में दबे मामले और सरकारी तंत्र की लापरवाही का जिक्र भी किया।
पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल अब आम लोगों से सीधे कनेक्ट करेंगी। इसके लिए वह राजनीति में उतरेंगी। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सरकारी तंत्र पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, 'लोगों ने मुझे कहा कि तुम सब कुछ तो बन गई, अब और क्या बनना है? मुझे आवाज़ बनना है। उन लोगों की आवाज़, जिनकी आवाज़ किसी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती। उन लोगों की तरफ से मुझे अपने देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब चाहिए।'
तीन साल बाद भी नहीं बना स्कूल
दिव्या मित्तल ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार जब वह की पहाड़ी पर पानी पहुंचाने के लिए निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान एक महिला उनके पास आई और उनसे अपने गांव में स्कूल बनवाने की मांग की। महिला ने बताया था कि जंगल और पहाड़ के बीच बच्चों की पढ़ाई रुक जाती है। मुझे अपने गांव में आगे की कक्षाओं के लिए स्कूल चाहिए। इस पर दिव्या मित्तल ने नियमों की जांच कर स्कूल को मंजूरी दे दी। लेकिन आज तीन साल बाद भी स्कूल नहीं बन पाया।
पेपर लीक पर भी उठाए सवाल
दिव्या मित्तल ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘युवा रात-रात भर पढ़ाई और सालों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इसके अलावा पांच साल तक तैयारी करो फिर फैसला किसी अदालत में आता है। जो किसान अपनी जमीन गिरवी रखकर अपने बेटे को इंजीनियर बना रहा है या जो मां अपने जेवर बेच के बेटी को कोडिंग करा रही है, क्या उनको पता है कि उनका भविष्य सुरक्षित है कि नहीं?’
अब हिसाब मांगा जाएगा
दिव्या मित्तल ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि एक दिन ऐसा आएगा, जब कोई आदमी अपने कागज एक पन्नी में लपेटे किसी सरकारी दफ्तर जाएगा तो बिना किसी सिफारिश और बिना किसी फोन के उसकी सुनवाई होगी। घर आकर वह अपने बेटे से कहेगा कि बेटे आज मेरे साथ न्याय हुआ और बेटा कहेगा तो पापा इसमें नया क्या है? तो उसे याद होगा कि उसके पन्नी का हिसाब किस दिन मांगा गया था। चलिए हिसाब मांगते हैं।


