पीलीभीत, मेरठ के बाद एक और जिले में स्कूलों की छुट्टी, डीएम ने बंद किए 12वीं तक के सभी स्कूल
बढ़ती ठंड, घना कोहरा और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए कई जिलों में डीएम ने स्कूलों को बंद कर दिया है। एक दिन पहले बरेली, सहारनपुर, बदायूं, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था।

यूपी में बढ़ती ठंड, घना कोहरा और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए कई जिलों में डीएम ने स्कूलों को बंद कर दिया है। एक दिन पहले बरेली, सहारनपुर, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था। शुक्रवार को मेरठ डीएम ने भी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। मेरठ डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने विद्यालयों के संचालन को लेकर आदेश जारी किए हैं।
जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड तथा सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों में प्री-नर्सरी से कक्षा 9 तक की कक्षाओं का संचालन 17 जनवरी को पूर्णतः बंद रहेगा। वहीं कक्षा 10 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होंगे। इन कक्षाओं की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन को जिलाधिकारी द्वारा दिए आदेशों का पालन करने के निर्देश जारी किए हैं।
लखीमपुर खीरी में गलन, कोहरे की मार से कांप उठा तराई, 12वीं तक के स्कूल बंद
शुक्रवार की सुबह घने कोहरे और शीतलहर के बाद भी स्कूल खोले गए। छोटे-छोटे बच्चे कांपते हुए स्कूल गए। स्कूल पहुंचे बच्चे अलाव की तलाश करते रहे। सीमित संसाधन होने की वजह से परिषदीय स्कूलों में बच्चे दुबक कर बैठे रहे। सोशल मीडिया पर स्कूलों के खोलने का मुद्दा जोर शोर से उठा। इसके बाद शनिवार को कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश का आदेश जारी हो गया। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे और धुंध के साथ शुरू हुई। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। कोहरे और शीतलहर के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। दोपहर बाद आसमान साफ हुआ और धूप खिली, लेकिन राहत न के बराबर रही। 10 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने गलन को बरकरार रखा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस पर अटका रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं के कारण दोपहर में भी सर्दी का असर बना रहा।
पीलीभीत में भी दो दिन की छुट्टी
पीलीभीत डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने वर्तमान में सर्दी एवं शीतलहर के दृष्टिगत कक्षा एक से आठ तक संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों, सहायता प्राप्त विद्यालयों, समस्त बोडों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, तथा राजकीय,अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 16 और 17 जनवरी के अवकाश कर दिया है। यह अवकाश छात्र-छात्राओं के लिए घोषित किया गया है। शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्यों को करेंगे। इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
बदायूं में दो दिन बंद रहेंगे आठवीं तक के स्कूल
यूपी में भीषण सर्दी को कोहरे को देखते हुए बदायूं डीएम ने भी आठवीं तक के स्कूलों की छुट्टी को बढ़ा दिया है। डीएम ने इस संबंध में सभी बोर्ड के स्कूलों को आदेश भी जारी कर दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों को 17 जनवरी तक बंद रखा जाएगा। 18 जनवरी को रविवार के चलते स्कूल बंद रहेंगे।
शाहजहांपुर में 12वीं तक के स्कूलों का समय बदला
शाहजहांपुर में शुक्रवार की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने ठिठुरन और बढ़ा दी। सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। सर्दी को देखते हुए यहां 12वीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। शुक्रवार से स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए उन्हें सुबह 10:00 बजे से खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद ठंड का असर बच्चों पर साफ नजर आया। सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों को लेकर स्कूलों की ओर पहुंचते दिखे। 10 बजे भी बच्चे ठंड में कांपते हुए नजर आए, हालांकि सभी ने गर्म कपड़ों में खुद को ढक रखा था। कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ा। हाईवे पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा। परिवहन व्यवस्था रेंगती नजर आई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें

