यूपी में कोहरा बना काल, 24 घंटे में सड़क हादसों में 20 की मौत, कई जिलों में जीरो विजिबिलिटी

Jan 19, 2026 06:16 am ISTPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान टीम, लखनऊ
share

शीतलहर से जूझ रहे लोगों पर रविवार को कोहरा काल बनकर टूटा। रविवार को 17 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। कम दृश्यता से अलग-अलग हुए हादसों में 20 लोगों की मौत हो गई। इनमें अवध क्षेत्र में 9 लोगों की जान चली गई।

यूपी में कोहरा बना काल, 24 घंटे में सड़क हादसों में 20 की मौत, कई जिलों में जीरो विजिबिलिटी

यूपी में शीतलहर से जूझ रहे लोगों पर रविवार को कोहरा काल बनकर टूटा। रविवार को 17 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। इनमें आठ में तो दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। नतीजतन सड़क हादसों की बाढ़ आ गई। रविवार को कम दृश्यता से अलग-अलग हुए हादसों में 20 लोगों की मौत हो गई। इनमें अवध क्षेत्र में 9, मुरादाबाद मंडल में 5,आजमगढ़ में दो, रोजा में दो, बुलंदशहर और बरेली में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। 20 जनवरी के बाद कोहरा कम होने के आसार हैं।

बहराइच में तीन हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के शारदा सहायक खंड 16 नहर की पटरी पर बाइक से बाजार जा रही छात्राओं को मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली ने कुचल दिया जिससे दो छात्राओं की मौत हो गई। अमेठी में बस व कार की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। फुरसतगंज के अकेलवा चौराहे पर बस-पिकअप की टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई। रायबरेली में बुजुर्ग की जान चली गई गई।

बाराबंकी में गोंडा-बहराइच मार्ग पर बस, कार और इनोवा की टक्कर में यात्री की मौत हो गई। आजमगढ़ में चार वाहनों के टकराने से दो की मौत हो गई। रोजा में ट्रक ने बाइक-टेंपो को रौंद दिया, हादसे में साले-बहनोई की मौत हो गई। बुलंदशहर में कोहरे में नाले में गिरने से स्कूटी सवार की जान चली गई। मुरादाबाद मंडल में हुए सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत पांच की मौत हो गई। रामपुर के शहजादनगर में टेंपो ने बाइक पर सवार पिता-पुत्र, भतीजे को कुचल दिया। गजरौला-मूंढापांडे के पास 17 वाहन टकरा गए। अमरोहा में कार खंदक में गिर गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। पिकअप पलटने से एक मजदूर की जान चली गई। बरेली में नेशनल हाईवे पर 25 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई, 26 लोग घायल हुए।

पहाड़ों पर आज से बारिश और बर्फबारी के आसार

नई दिल्ली। उत्तर, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का असर जारी है। हिमालयी राज्यों में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है, मैदानों में सुबह-शाम घना कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है। अगले कुछ दिन पर्वतीय राज्यों में बारिश-हिमपात के आसार हैं। यूपी-बिहार आदि राज्यों में कोहरा बना रहेगा। पूर्वी यूपी में शीतलहर चली।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |