Iran-Israel War: लखनऊ से खाड़ी देश की फ्लाइट्स कैंसिल, 12000 यात्रियों के करोड़ों फंसे

Mar 08, 2026 11:28 am ISTsandeep हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share

28 फरवरी से 5 मार्च के बीच केवल लखनऊ से खाड़ी देशों (दुबई, शारजाह, रियाद, मस्कट) के लिए बुक की गई 12,000 से अधिक टिकटें रद्द हो चुकी हैं। इन यात्रियों का लगभग 45 से 50 करोड़ रुपये लखनऊ की विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों और एयरलाइंस के पोर्टल पर फंसा हुआ है। 

Iran-Israel War: लखनऊ से खाड़ी देश की फ्लाइट्स कैंसिल, 12000 यात्रियों के करोड़ों फंसे

ईरान-इजरायल (मध्य पूर्व ) में युद्ध के कारण दुबई एयरस्पेस बंद होने का सबसे बड़ा खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। 28 फरवरी से 5 मार्च के बीच केवल लखनऊ से खाड़ी देशों (दुबई, शारजाह, रियाद, मस्कट) के लिए बुक की गई 12,000 से अधिक टिकटें रद्द हो चुकी हैं। इन यात्रियों का लगभग 45 से 50 करोड़ रुपये लखनऊ की विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों और एयरलाइंस के पोर्टल पर फंसा हुआ है।

ट्रैवेल एजेंसियों के अनुसार लखनऊ से रोजाना औसतन 8 से 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो रही हैं। 6 दिनों में करीब 12,500 यात्री प्रभावित हुए हैं। शुरुआत के तीन दिन 17 फ्लाइटें निरस्त हुई थीं। यह आंकड़ा केवल लखनऊ का है, जबकि पूरे यूपी में यह 20,000 के पार है। लखनऊ से दुबई या रियाद का फरवरी के अंतिम सप्ताह मार्च की बुकिंग का औसत किराया 22,000 से 35,000 रुपए के बीच रहा है।

यात्रियों का भुगतान फंसा

ट्रैवेल एजेंसियों के अनुसार करीब 31 करोड़ से अधिक केवल लखनऊ की सीधी उड़ानों का फंसा है। यदि कनेक्टिंग फ्लाइट्स को भी जोड़ दें, तो यह आंकड़ा ₹45 करोड़ के पार निकल जाता है। ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, एयरलाइंस ‘फुल रिफंड’ का वादा तो कर रही हैं, लेकिन वह पैसा यात्री के बैंक खाते में आने के बजाय एजेंट के ‘एजेंसी वॉलेट’ या ‘क्रेडिट शेल’ में जमा हो रहा है। एजेंटों का कहना है कि उन्होंने एयरलाइंस को भुगतान कर दिया है, अब एयरलाइंस जब तक पैसा वापस नहीं करतीं, वे यात्रियों को नगद भुगतान नहीं कर पा रहे।

शनिवार को 9 फ्लाइट्स कैंसिल

खाड़ी देशों से लखनऊ के बीच फ्लाइटों का संचालन शनिवार को फिर बिगड़ गया। शाम तक कुल 9 फ्लाइटें निरस्त कर दी गईं। आने जाने वाली 8 फ्लाइटें ही संचालित हुईं। दुबई से रोजाना दो फ्लाइटें पिछले तीन दिनों से आ रही थीं। शनिवार को एक फ्लाइट सुबह 9 बजे आने की सूचना मिली। यह फ्लाइट रात में पौने 10 बजे के करीब पहुंची। आज निरस्त होने वाली फ्लाइटों में लखनऊ से अबूधाबी 6ई 1415, लखनऊ से शारजाह 6ई 1423, दुबई से लखनऊ आईएक्स 198, अबूधाबी से लखनऊ 6ई 1416, शारजाह से लखनऊ 6ई 1424, दुबई से लखनऊ आईएक्स 194, दम्माम से लखनऊ 6ई 98 शामिल रहीं।

ट्रैवल सेक्टर को करोड़ों का नुकसान

सबसे ज्यादा परेशानी उन मजदूरों को है जिन्होंने ₹30-40 हजार की टिकट खरीदी थी। अब उनके पास न तो विदेश जाने का रास्ता बचा है और न ही दूसरी टिकट खरीदने के लिए पैसे हैं। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार, यदि युद्ध की स्थिति 15 मार्च तक खिंचती है, तो पूरे प्रदेश के ट्रैवल सेक्टर को ₹300 करोड़ का सीधा नुकसान होगा। इसमें केवल फ्लाइट टिकट ही नहीं, बल्कि होटल बुकिंग, वीजा फीस (रिफंड नहीं होती) व टूर पैकेज का पैसा भी शामिल है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।