लखनऊ में नौ लाख में फ्लैट, चंद्रिका नगर के लिए रेट तय, वेलनेस सिटी के लिए प्लाट के दाम भी घोषित
राजधानी लखनऊ में आवासीय योजनाओं के लिए फ्लैट और प्लाट के रेट तय कर दिए गए हैं। चंद्रिका नगर में बन रहे अपार्टमेंट के लिए केवल नौ लाख में फ्लैट मिलेगा।

राजधानी लखनऊ में नई आवासीय योजनाओं के लिए फ्लैट और प्लाट के रेट तय कर दिए गए हैं। चंद्रिका नगर में फ्लैट के दाम जहां नौ लाख से शुरू हो रहे हैं वहीं वेलनेस सिटी में प्लाट के दाम 5100 रुपए प्रति वर्ग फुट निर्धारित किया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपनी नई आवासीय योजनाओं वेलनेस सिटी, वरुण विहार और नैमिष नगर के लिए भी प्लाट की दरें तय कर दी हैं। रेट के हिसाब से सुलतानपुर रोड स्थित वेलनेस सिटी एलडीए की नई आवासीय योजनाओं में सबसे महंगी योजना बन गई है।
एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह ने जमीन की कीमतें निर्धारित करने का आदेश मंगलवार को जारी कर दिया। सीतापुर रोड पर प्रस्तावित चंद्रिका अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमतें भी तय कर दी गई हैं। एलडीए सीतापुर रोड पर गरीबों व मध्यम वर्ग के लिए आवासीय योजना लांच करने जा रहा है। जुलाई के अंत तक इन योजनाओं का शिलान्यास होगा।
मूल कीमत के अतिरिक्त भी देना होगा शुल्क
वित्त नियंत्रक ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि निर्धारित दरें केवल भूमि का बेस मूल्य हैं। इसके अतिरिक्त 12 प्रतिशत फ्री-होल्ड शुल्क, वाटर एवं सीवर चार्ज तथा अन्य निर्धारित शुल्क भी देय होंगे। 18 मीटर या उससे अधिक चौड़ी सड़क पर स्थित भूखंड के लिए कॉर्नर, पार्क फेसिंग और अन्य प्रीमियम लोकेशन शुल्क अलग से देना होगा।
चंद्रिका अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमतें भी तय
सीतापुर रोड पर बन रहे चंद्रिका अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमतें भी तय कर दी गई हैं। 1 बीएचके फ्लैट की कीमत 8 लाख 99 हजार 900 रुपये तय की गई है। इसका क्षेत्रफल 38 वर्गमी. होगा। दो बेडरूम (2 बीएचके) फ्लैट के लिए 32.92 लाख देने होंगे। इसका क्षेत्रफल 50 वर्गमीटर है। एलआईजी के 582 तथा ईडब्ल्यूएस के 336 मकान बनाए जाएंगे।
वरुण विहार और नैमिष नगर की दरें भी तय
वित्त नियंत्रक ने वरुण विहार आवासीय योजना में भूखंडों की दर 30,127.98 रुपये प्रति वर्ग मीटर यानी लगभग 2,800 रुपये प्रति वर्ग फुट तय की गई है। वहीं नैमिष नगर योजना में जमीन के दाम करीब 3,200 रुपये प्रति वर्ग फुट निर्धारित है। इन्हीं दरों पर एलडीए इन योजनाओं में भूखण्डों का पंजीकरण करेगा।
अनंत नगर को पीछे छोड़ गई वेलनेस सिटी योजना
करीब दो वर्ष पहले शुरू हुई अनंत नगर योजना एलडीए की सबसे महंगी आवासीय स्कीम मानी जाती थी। वहां भूखंडों की कीमत 3,581 रुपये प्रति वर्ग फुट निर्धारित है लेकिन अब वेलनेस सिटी ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां जमीन के दाम 54,559.17 रुपये प्रति वर्ग मीटर यानी लगभग 5,100 रुपये प्रति वर्ग फुट तय की गई है। यह योजना सुलतानपुर रोड पर विकसित की जा रही है। यह सीजी सिटी से सटी है।


