पांच जिलों को 3200 करोड़ की मिलेगी सौगात, सीएम योगी का आज और कल पश्चिमी यूपी का दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज और कल पश्चिमी यूपी के पांच जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान करीब 3200 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। सीएम आज शामली, बिजनौर और गाजियाबाद जाएंगे। कल अमरोहा और संभल का दौरा करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार और शनिवार को पांच जनपदों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे आमजन को विकास योजनाओं का उपहार भी देंगे। सीएम शुक्रवार को तीन जिलों शामली, बिजनौर व गाजियाबाद के सात विधानसभा क्षेत्रों (शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर, मोदीनगर) के लोगों को सौगात देंगे। यहां पर लगभग 2500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करेंगे। शनिवार को अमरोहा और संभल में 752 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री गाजियाबाद में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। वे यहां कांवड़ यात्रा के सकुशल आयोजन को लेकर भी शासन, प्रशासन, पुलिस व संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
शामली में तीन विधानसभा क्षेत्रों को सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से सीधे शामली पहुंचेंगे। वे सबसे पहले यहां कैराना, थानाभवन व शामली विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। वे यहां 581 करोड़ से अधिक की 89 विकास परियोजनाओं की सौगात सौपेंगे। सीएम योगी कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय, थानाभवन में राजकीय महिला आईटीआई आदि का लोकार्पण करेंगे।
बिजनौर व चांदपुर के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री बिजनौर जनपद में (बिजनौर व चांदपुर विधानसभा क्षेत्र) के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री 1003 करोड़ से अधिक की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री बिजनौर में महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण करेंगे। सीएम राजकीय नर्सिंग कॉलेज व छात्रावास भी लोकार्पित करेंगे। सीएम रामबाग रोड पर कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा विदुर कुटी स्थल के समेकित पर्यटन विकास कार्य के शिलान्यास समेत कई बड़ी परियोजनाएं भी जनपदवासियों को देंगे।
गाजियाबाद को 868 करोड़ से अधिक की सौगात
मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को गाजियाबाद की दो विधानसभा (मुरादनगर व मोदीनगर) के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री यहां 868 करोड़ से अधिक की 90 परियोजनाओं की सौगात देंगे। सीएम योगी तेजपाल त्यागी कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में 200 व्यक्तियों की क्षमता की बैरक के निर्माण कार्य के साथ ही 100 व 150 जवानों के लिए दो बैरकों का भी लोकार्पण करेंगे। सीएम यहां विभिन्न पेयजल योजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। सीएम गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन व पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण कार्य समेत कई बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
कल अमरोहा और संभल को देंगे 752 करोड़ की सौगात
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे। अमरोहा में वह 182.92 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जबकि संभल में 568.99 करोड़ रुपये की 66 परियोजनाओं की सौगात देंगे। अमरोहा में मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और कार्यक्रम के बाद संभल रवाना होंगे। संभल में वह इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के निकट जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों जिलों में गुरुवार को डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


