पहले पत्नी ने खाया जहर, फिर फंदे पर लटका पति; पारिवारिक कलह में गई दोनों की जान
रामपुर में एक हंसते-खेलते किसान परिवार की खुशियां छीन ली। जहां पहले पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं पत्नी की मौत की खबर से सदमे में आए पति ने भी फांसी लगा जान दे दी।

संवाददाता, रामपुर: यूपी के रामपुर में पारिवारिक कलह ने शुक्रवार को एक हंसते-खेलते किसान परिवार की खुशियां छीन ली। मिलक कोतवाली क्षेत्र के पटिया गांव में पहले 40 साल की पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर से सदमे में आए 45 वर्षीय किसान ने भी फांसी लगा जान दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पटिया गांव का रहने वाला राजेंद्र प्रसाद खेती करता था। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी रंपा देवी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मिलक के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
पत्नी की मौत की खबर मिलते ही पति ने भी की खुदकुशी
पत्नी की मौत की खबर मिलते ही घर पर राजेंद्र ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। एक ही दिन में दंपती की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाई की मौत के सदमे से बहन ने भी फांसी लगा दी जान
उधर, मिर्जापुर से भी सुसाइड का मामला सामने आया है। जहांअदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शनिवार को सुबह एक युवक ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। युवक के मौत की जानकारी होते ही उसकी बहन ने भी घर के अंदर फांसी लगा कर जान दे दी। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया। वही मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस मृतकों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवा पहलवान शेषनाथ यादव उर्फ गोलू पहलवानी करता था। वह शनिवार को सुबह घर से कुछ दूर स्थित अखाड़े में व्यायाम करने गया था। व्यायाम कर रहे अन्य पहलवान जब अपने घर लौट गए। तब शेषनाथ यादव उर्फ गोलू पास में स्थित कुंए में रस्सी के सहारे फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। उधर, भाई की मौत की सूचना मिलने पर बहन ने भी घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल में जुट गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

