एसएसपी कार्यालय के बाहर दुष्कर्म पीड़िता ने डाला मिट्टी का तेल
Firozabad News - फिरोजाबाद में एक विवाहिता ने अपने देवर की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी कार्यालय के बाहर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी। पुलिस ने उसे पकड़कर महिला थाने ले गई, जहां उसने बताया कि उसके देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। अंततः आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

फिरोजाबाद, एक विवाहिता ने अपने दुष्कर्म के आरोपी देवर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दवाब बनाने के लिए एसएसपी कार्यालय के बाहर जाकर शनिवार की दोपहर में खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। इसके बाद आग लगाने की धमकी दे डाली। पास में खड़ी महिला पुलिस ने पीड़िता को दबोच लिया और उसको महिला थाने लेकर गईं। थाने में पूछताछ में सारी घटना की जानकारी के बाद उच्चाधिकारियों के आदेश पर टीमें दौड़ाईं और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। हरि नगर, नगला पान सहाय निवासी महिला ने 12 दिसम्बर 2025 को थाना उत्तर में देवर गुड्डू पुत्र थान सिंह, ससुर थान सिंह, सास सुनीता देवी और ननद पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
महिला का आरोप था कि उसके पति को सास, ससुर और देवर मारपीटकर भगा देते हैं। उसका देवर गुड्डू आएदिन उसके साथ में मारपीट करता है। कहता है कि वह उसको खुश रखेगा और उसका कहना नहीं मानने पर इसी तरह पिटती रहेगी। उसके और बच्चों के खाने पीने की भी ससुरालियों द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की जाती है। सास ससुर ने उसके घर की पानी और बिजली भी काट दी जाती है। आरोपी देवर द्वारा उसके साथ 6 दिसम्बर को जबरन घर में दरवाजे की कुंडी दोड़कर अंदर आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। सास ससुर ने उसकी डंडों से और देवर ने ईंट मारकर मारपीट की। उसने आशंका जताई कि उसके और बच्चों के साथ देवर कोई अप्रिय घटना कर सकता है। शनिवार को जब एसएसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग में व्यस्त थे तभी महिला अपने साथ मिट्टी का तेल लेकर जिला मुख्यालय पहुंची और एसएसपी कार्यालय के गेट में घुसते समय ही उसने मिट्टी का तेल डाला और आग लगाने की धमकी देने लगी। महिला पुलिसकर्मियों ने उसको पकड़ा और उसको महिला थाने लेकर गईं। पीड़िता ने बताया कि उसके देवर ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया है। आरोपी देवर को पुलिस ने नहीं पकड़ा है। वह आरोपी देवर की गिरफ्तारी चाहती है। महिला का आरोप है कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध हैं। वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। महिला के आरोपों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने पूरे मामले में कार्रवाई के आदेश सीओ सिटी प्रवीन कुमार तिवारी को दिए। सीओ सिटी ने टीमें बनाकर थाना उत्तर से पुलिस भेजी और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। सास और ससुर से उन पर लगे आरोपों को लेकर पूछताछ की जा रही है। इनसेट एक महिला शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। उसने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने महिला थाने ले जाकर पूछताछ की तो पाया कि उसके देवर गुड्डू के खिलाफ थाना उत्तर में दिसम्बर 2025 में मुकदमा दर्ज हुआ था। कोर्ट में 164 के बयानों में उसने अक्टूबर और दिसम्बर 2025 में दो बार देवर द्वारा दुष्कर्म की घटना किए जाने का बयान दिया था। आरोपी देवर की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार चल रहे थे और पीड़िता को इसके बारे में बताया जा चुका था। अब आरोपी देवर को थाना उत्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।----प्रवीन कुमार तिवारी, सीओ सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




