ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश फिरोजाबादसुहागनगरी में रही यूपी स्थापना दिवस की धूम

सुहागनगरी में रही यूपी स्थापना दिवस की धूम

सुहाग नगरी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। प्रदर्शनी आयोजित की गई। जहां पर विभिन्न विभागों ने अपने अपने स्टाल लगाकर सरकारी...

सुहागनगरी में रही यूपी स्थापना दिवस की धूम
हिन्दुस्तान टीम,फिरोजाबादSun, 24 Jan 2021 06:52 PM
ऐप पर पढ़ें

सुहाग नगरी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। प्रदर्शनी आयोजित की गई। जहां पर विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया।

रविवार को प्रशासन द्वारा नगर के गांधी पार्क मैदान पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद चंदसेन जादौन ने किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। अपने जनपद व प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने की बात कही। सांसद ने कहा कि आज बड़ी खुशी का दिन है। आज ही के दिन उत्तर प्रदेश बनाया गया था। सांसद ने समाज के सभी लोगों से बेटियों को सम्मान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटी चाहे किसी की भी हो उसका पूरा सम्मान होना चाहिए। सांसद ने कहा बेटी को सम्मान नहीं दोगे तो लक्ष्मी नाराज हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी दिवस पर हम सभी को अपने जनपद और उत्तर प्रदेश को तरक्की की राह पर ले जाने का संकल्प लेना है। सांसद ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भलाई के लिए काम कर रही है। हम सभी को मिलकर इस मुहिम को आगे बढ़ाना है। मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि 24 जनवरी 1950 के दिन हमारे प्रदेश का नाम उत्तर प्रदेश रखा गया था। जनपद और सभी प्रदेश वासियों के लिए यह महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह लगातार तीन दिन तक आयोजित किया जाएगा। जहां पर विभिन्न तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जनपद के लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी जिससे कि वे लाभान्वित हो सकें। समारोह में परियोजना निदेशक डीआरडीए देवेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि हंसराज, जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा अरविंद पचौरी मंचासीन रहे। संचालन प्रधानाचार्य अशोक अनुरागी ने किया।

बालिकाओं की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोहा

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में छात्राओं ने अनेक तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बालिकाओं की नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नगर के एमजी कॉलेज की छात्राओं की समूह नृत्य प्रस्तुति सराहनीय रही। एकल नृत्य में सृष्टि जैन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। समारोह में ब्रज की लोक संस्कृति जीवंत हो उठी।

प्रदर्शनी में चमका शिल्पकारों का हुनर

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह ने रविवार को नगर के गांधी पार्क पर लगाई गई प्रदर्शनी में शहर व जिले की अनेक शिल्पकारों ने अपने अपने उत्पादों के स्टाल सजाए। प्रदर्शनी में शहरी एवं ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने घरेलू आइटमों के स्टाल लगाए। वहीं एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत कांच उद्योग से जुड़े हस्तशिल्पयों ने आकर्षक ग्लास आइटम का स्टाल लगाकर प्रदर्शन किया।

अनेक विभागों ने प्रदर्शनी में लगाए स्टाल

उत्तर प्रदेश दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी में जनपद के अनेक सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग ने स्टाल लगाकर अपने नवाचारों का प्रदर्शन किया। वहीं उद्योग विभाग ने ओडीओपी उत्पादों का स्टाल सजाया। नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण का स्टाल लगाया। महिला कल्याण विभाग ने मिशन शक्ति का स्टाल लगाया। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, कौशल विकास मिशन, डूडा, चाइल्ड लाइन, कृषि विभाग सहित अनेक विभागों ने अपने स्टाल सजाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें