विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
विधानसभा चुनाव को लेकर नगर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती...
विधानसभा चुनाव को लेकर नगर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती है। हाईवे पर निकलने वाले वाहनों पर पैनी नजर है।
चुनाव आयोग की कार्रवाई से लोग हैरत में हैं। चुनाव आयोग ने जिलाधिकारी चंद्र विजय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार को हटा दिया। उसके बाद ही सुरक्षा व्यवस्था में कड़ाई देखने को मिल रही है। जाटवपुरी चौराहे पर रविवार को अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात रहे। नगला बरी, आसफाबाद, सुभाष तिराहा के साथ जिला मुख्यालय पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात दिखाई दिया। रसूलपुर थाने पर सीओ सिटी हरिमोहन पुलिस व्यवस्था पर नजर रखे रहे। थाना प्रभारी रसूलपुर कमलेश कुमार ने क्षेत्र में चेकिंग की। वहीं थाने के बाहर भी काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हाईवे के प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान हर आने जाने वालों पर नजर रखे हुए थे। दोपहर बाद रामगढ़ और रसूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान जवानों ने लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया।