ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश फिरोजाबादबेहद खस्ता हुई हाईवे के सर्विस रोड की हालत

बेहद खस्ता हुई हाईवे के सर्विस रोड की हालत

सुहाग नगरी से गुजर रहे हाईवे के सर्विस रोड की हालत बेहद खस्ता हो चली है। हाईवे के दोनों ओर बने इस सर्विस रोड में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां आए दिन राहगीर गिर कर चोटिल होते रहते हैं। लोगों का...

बेहद खस्ता हुई हाईवे के सर्विस रोड की हालत
हिन्दुस्तान टीम,फिरोजाबादThu, 19 Sep 2019 06:26 PM
ऐप पर पढ़ें

सुहाग नगरी से गुजर रहे हाईवे के सर्विस रोड की हालत बेहद खस्ता हो चली है। हाईवे के दोनों ओर बने इस सर्विस रोड में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां आए दिन राहगीर गिर कर चोटिल होते रहते हैं। लोगों का सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। लेकिन जिम्मेदार अफसरों का कोई ध्यान नहीं है।

शहर से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर दोनों साइड में सर्विस रोड बनी हुई है। यह सर्विस रोड राजा का ताल स्थित मौनी बाबा आश्रम चौराहे से शुरू होती है और जिला मुख्यालय दबरई से आगे पहुंच कर समाप्त होती है। राजा का ताल चौराहे से लेकर आसफाबाद के मध्य यह सर्विस रोड अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अमित रिसोर्ट से लेकर शहर की ओर मीरा चौराहे तक सर्विस रोड की हालत बेहत खस्ता हो गई है। सड़क में एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। इस दौरान सर्विस रोड पर अनेक बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। यही नहीं चार पहिया वाहन भी इन गड्ढो में हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। शहर में नैनी चौराहे से आसफाबाद चौराहे के मध्य सर्विस रोड काफी जर्जर हो चुकी है। एक ओर सड़क बीच में क्षतिग्रस्त है तो सड़क पर ही गंदगी पड़ी हुई है। जिसके चलते राहगीरों का सर्विस रोड से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

दिक्कतों से दो चार हो रहे सैकड़ों श्रमिक

हाईवे के इस सर्विस रोड पर राजा का ताल से शहर फिरोजाबाद के मध्य कई दर्जन फैक्ट्रियां संचालित हैं। नगला भाऊ का इंडस्ट्रियल एरिया भी इसी सर्विस रोड से जुड़ा हुआ है। इन कारखानों में रोज हजारों श्रमिक काम करने जाते हैं। क्षतिग्रस्त सर्विस रोड से इनका आना जाना होता है। यहां रात की बात तो दूर दिन में भी श्रमिक सड़क के गडढ़ों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं।

स्कूली बच्चे भी झेल रहे मुश्किलें

सर्विस रोड से एमजीएम कॉलेज, सेंट जोंस स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थान जुड़े हुए हैं। इन स्कूलों में जाने को आसपास के कई गांव के बच्चों को इस सड़क से गुजरना होता है। स्कूली बच्चों को सर्विस रोड क्षतिग्रस्त होने से हर रोज अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बच्चे सड़क पर हो रहे गड्ढे में गिर जाते हैं। तो कई बार उनका बस्ता सड़क पर भरे पानी में गिर जाता है। जहां उनकी कॉपी, किताबें पानी में बिखर कर खराब हो जाती हैं। तब ये बच्चे प्रशासन की व्यवस्था को कोसते रह जाते हैं।

लोग बोले...

- हाईवे के सर्विस रोड पर चूड़ी व कांच के दर्जनों कारखाने स्थापित हैं। इन कारखानों में डयूटी करने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रमिक का इस सड़क से आवागमन रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी गुजरते हैं। सड़क पर गड्ढे और जलभराव होने से सभी को परेशानी हो रही है।

- अजय कुमार, आम नागरिक।

- सर्विस रोड में गड्ढे हो जाने से सड़क से गुजरने वाले श्रमिक व राहगीर आए दिन गिर कर घायल होते रहते हैं। सड़क पर जलभराव होने से लोगों के गिरते समय उनके मोबाइल भी पानी में गिर कर खो जाते हैं या फिर खराब हो जाते हैं।

- विकास कुमार, आम नागरिक।

- हाईवे की इस सर्विस रोड को टूटे हुए कई साल हो गए। करीब डेढ़ साल पहले सड़क पर बने रिसोर्ट में एक विधायक के परिवार में शादी थी। तब सड़क की मरम्मत रातों रात करा दी गई थी। लेकिन इसके बाद सड़क में गहरे गड्ढे होते चले गए। अब कोई सुनने वाला नहीं है।

- विकल यादव, आम नागरिक।

- मीरा चौराहा से लेकर मौनी बाबा आश्रम राजा का ताल चौराहे के बीच दक्षिण साइड की सर्विस रोड को क्षतिग्रस्त हुए पूरा साल बीत गया। सड़क में एक से दो फीट तक गहरे गडढे हो चुके हैं। लेकिन किसी अफसर ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।

- रमेश चंद्र, आम नागरिक, ढोलपुरा चौराहा।

अफसर कहिन...

- शहर में वैसे तो मोहर्रम के दौरान सर्विस रोड की ठीक कराया गया था। लेकिन अब नगर निगम की सीमा में सर्विस रोड जहां तक खराब है उसे बरसात बीतने के बाद बनवाया जाएगा।

- विजय कुमार, नगर आयुक्त।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें