स्वर्ण शताब्दी पर पथराव से दरका शीशा, कोच में सवार थे आरएसएस प्रमुख

हिन्दुस्तान, फिरोजाबाद
Follow us on Google News
share

जनपद फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना हुई। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और तीन किशोरों की पहचान की गई है।

स्वर्ण शताब्दी पर पथराव से दरका शीशा, कोच में सवार थे आरएसएस प्रमुख

जनपद फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे रेलवे स्टेशन पर लखनऊ से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार की देर शाम हुई पत्थरबाजी की घटना से रेलवे और पुलिस प्रशासन सकते में आ गया। पत्थर एक्जीक्यूटिव क्लास के उस कोच पर जाकर लगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। पुलिस की सात टीमें अराजक तत्वों की तलाश में जुटी हैं। आरपीएफ की तहरीर पर रसूलपुर थाने में अज्ञातों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक को हिरासत में ले लिया गया था। सीसीटीवी के आधार पर तीन किशोरों को चिह्नित किया गया है。

घटना का विवरण

कानपुर से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के कोच ई-1 में सरसंघचालक मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। देर शाम करीब 7.20 बजे फिरोजाबाद आउटर से गुजरते समय कोच ई-1 पर पत्थर जाकर लगा, जिससे उसका शीशा चटक गया। कोच में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बैठे होने से घटना की जानकारी तुरंत आला अधिकारियों तक पहुंचाई गई। टूंडला स्टेशन पर 7.34 बजे ट्रेन पहुंची। अधिकारियों ने पूरी जानकारी लेने के बाद 7.41 बजे रवाना भी कर दिया।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, ये किसी अराजक तत्व द्वारा सामान्यत: पत्थर फेंके जाने की घटना है। फिर भी पुलिस प्रशासन और आरपीएफ इसकी अन्य बिंदुओं से भी जांच कर रहे हैं। पत्थर फेंकने वाले को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं। फिरोजाबाद के जीआरपी प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कोच में शीशा टूटने से किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर देर रात तक एक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई थी।

वर्जन

आरपीएफ की तहरीर पर रसूलपुर थाने में अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वहीं करीब 150 सीसीटीवी खंगालने के बाद रात करीब 12 बजे तीन किशोरों को चिह्नित कर उनकी तलाश की जा रही है।

- आदित्य लांग्हे, एसएसपी फिरोजाबाद

पहले भी होती रही हैं ऐसी घटनाएं

ट्रेनों पर इस तरह के पत्थर फेंके जाने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। अराजक तत्व के पकड़ में आने पर उसे दंडित करके छोड़ दिया जाता है। इस बार की घटना को भी संयोग ही माना जा रहा है। फिर भी दूसरे बिंदुओं से इसकी गहन पड़ताल करने में सुरक्षा एजेंसियां लगी हुई हैं।

क्रॉसर

दिल्ली जा रही ट्रेन पर मक्खनपुर से फिरोजाबाद के बीच शाम 7.20 पर फेंका गया पत्थर

पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हो गया एक्जीक्यूटिव क्लास के ई 1 कोच का एक शीशा

टूंडला स्टेशन पर सघन चेकिंग, एक हिरासत में, सीसीटीवी के आधार पर तीन किशोर चिह्नित

सामान्य प्रश्न

यह घटना कब और कहाँ हुई?
यह घटना गुरुवार की देर शाम टूंडला रेलवे स्टेशन पर हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।