Firozabad News: निगम नहीं कर रहा सुनवाई, भूख हड़ताल पर बैठे भाकियू नेता
Firozabad News: फिरोजाबाद के श्रीराम कॉलोनी के निवासी कई वर्षों से कीचड़ वाली गलियों से परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू किया और कुछ ने भूख हड़ताल भी की। भाकियू नेता मौके पर पहुंचे और नगर निगम पर आरोप लगाया कि वह उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। अगर समस्या हल नहीं हुई, तो आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

Firozabad News: फिरोजाबाद, सालों से कीचड़ युक्त गलियों में रहने वालों को इस बार भी निगम के विकास के दावों के बीच में राहत की सौगात नहीं मिली तो सालों से इस दर्द को झेल रहे श्रीराम कॉलोनी के वाशिंदों का धेर्य जवाब दे गया। बुधवार से श्रीराम कॉलोनी के वाशिंदे कीचड़ युक्त गलियों से निजात दिलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए तो इस अवसर पर तीन लोगों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी धरना स्थल पर पहुंच कर लोगों की बात सुनी तथा कलेक्ट्रेट पर प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन की चेतावनी दी। श्रीराम कॉलोनी में अभी भी कई गलियों का निर्माण नहीं हुआ है।
कीचड़ युक्त गलियों से लोगों को निकलना पड़ता है। इसको लेकर क्षेत्रीयजनों में आक्रोश पनप रहा है। बुधवार को भाकियू भानु के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा, राजबहादुर तैनगुरिया एवं सोनू मिश्रा ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान धरना प्रदर्शन में श्रीराम कॉलोनी के लोगों ने भी प्रतिभाग किया। भाकियू भानु राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने धरना स्थल पर पहुंच आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि इस मामले में फिरोजाबाद भाकियू भानु जिलाध्यक्ष के साथ में अखिलेश शर्मा एवं संजय शर्मा को जिलाधिकारी को गुरुवार को एक ज्ञापन सौंपेंगे। क्षेत्र वासियों के साथ नगर निगम द्वारा किए जा रहे सौतेले व्यवहार की जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इसके बाद भी समस्या का निदान न होने पर लखनऊ में शिकायत कर फिरोजाबाद में प्रदेश स्तर का आंदोलन कलेक्ट्रेट के सामने होगा। अखिलेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार व्याप्त है। बनी हुई गलियों कोतोड़कर बनाया जा रहा है। जहां पर मकान नहीं, वहां पर सड़कें बन रही हैं, लेकिन जनता जहां परेशान है, वहां पर गली निर्माण नहीं कराया जा रहा है।


