
ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत के बाद हंगामा, अस्पताल सील
Firozabad News - फिरोजाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में घुटने के ऑपरेशन के दौरान मरीज हाकिम सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद...
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में सोमवार रात घुटने के ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भिजवाया। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया है। सत्य नगर निवासी हाकिम सिंह को घुटने में दर्द था। परिजनों ने इलाज के लिए उसे सुपर मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने उसके घुटने का आपरेशन किया। परिजनों की मानें तो घुटने के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही के चलते हाकिम सिंह की हालत बिगड़ गई। ऑपरेशन थियेटर में ही उनकी मौत हो गई।

मौत की पुष्टि होते ही परिजन हैरत में पड़ गए। मौत से परिजनों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। चिकित्सक और कर्मचारी भागे तो तोड़फोड़ कर दी परिजनों के हंगामे के चलते चिकित्सक व कर्मचारी वहां से भाग गए। गुस्साए लोगों ने वहां तोड़फोड़ की। परिवारजन चिकित्सक व अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। हंगामे का पता चलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बातचीत की। गुस्साए लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। उसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद लापरवाही पाए जाने पर हॉस्पिटल को सील कर दिया। वहीं थाना उत्तर प्रभारी संजुल पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। अवैध हॉस्पिटलों की भरमार, विभाग मूकदर्शक फिरोजाबाद। ऐसा अक्सर देखा जाता है कि जनपद में किसी मरीज की मौत के बाद ही स्वास्थ्य विभाग को अपने कर्तव्य की याद आती है। ऐसा ही सोमवार को उस समय देखने को मिला जब एक प्राइवेट हॉस्पिटल में मरीज की मौत को लेकर हुए हंगामे के बाद अपनी जिम्मेदारी की याद आई तथा देर रात गए चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के अस्पताल संचालक अथवा डॉक्टरों के न मिलने पर टीम ने हास्पिटल के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया। मामला थाना उत्तर क्षेत्र के अंतर्गत जलेसर रोड टापाकलां शांति नगर स्थित कटी बरी चौराहा पर सुपर मैक्स हॉस्पिटल पर जब मरीज की मौत हो गई तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। देर रात डॉक्टर निखिल गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची जहां हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। सील की कार्रवाई के दौरान मौके पर अस्पताल संचालक के अलावा कोई भी डॉक्टर नहीं मिला। किसी को देखते हुए टीम ने नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की। ऐसा पहली बार नहीं हुआ इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग जब भी किसी मरीज की मौत होती है उसके बाद ही इस तरह की कार्रवाई करता है। जबकि जनपद के अलावा शहर में खुलेआम गैर पंजीकृत हॉस्पिटल, नर्सिंग होम के अलावा क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास ऐसे अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटलों की सूची उपलब्ध है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। झोलाछाप के क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने चस्पा किए नोटिस शिकोहाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के खिलाफ अभियान चलाते हुए उन्हें नोटिस जारी किए हैं। जो क्लीनिक बंद मिले उनके गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया। वहीं जो क्लीनिक खुले मिले हैं उन्हें नोटिस थमाकर जवाब देने के लिए कहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ के नेतृत्व में शहजलपुर में अवैध रूप से चल रहे झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देवेश गोयल, सुभाष चंद्र, हरीश गौतम के यहां नोटिस चस्पा कर जल्द से जल्द समस्त अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। देवेश गोयल का क्लिनिक के साथ ही मेडिकल स्टोर भी चलाते है। स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही से झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। झोलाछाप डॉक्टर स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर अपनी अपनी दुकान बंद कर भाग गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




