Firozabad News: फतेहपुरा में वायरल फीवर की दस्तक, दर्जनों बीमार
Firozabad News: फतेहपुरा गांव में वायरल बुखार के मामलों में वृद्धि के चलते स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने कैंप लगाकर मरीजों की जांच की। सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं, और घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों का पता लगाया जा रहा है।

Firozabad News: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला के अंतर्गत गांव फतेहपुरा में वायरल बुखार की सूचना मिलते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीएमओ के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में कैंप लगाकर मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के अलावा विभिन्न प्रकार की जांच की गई। बुखार से संबंधित स्थिति की जानकारी नोडल अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी फोन के माध्यम से लेते रहे। पिछले कई दिनों से गांव में लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे थे। स्थिति गंभीर होने पर इसकी सूचना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला को दी गई तो सुबह होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया।
प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आशुतोष ने बताया कि उपचार के अलावा डेंगू की आशंका के चलते जांच की गई। फिलहाल सभी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। उन्होंने बताया कि घर घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों का पता लगाया जा रहा है।


