चौथ न दी तो घर पर बोला हमला, दे रहे हैं जान से मारने की धमकी
Firozabad News - लालऊ में दबंगों ने चौथ न देने पर पीड़ित अर्जुन चौधरी के घर पर हमला किया। माता-पिता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शुरू में कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित अपने परिवार के साथ डर में जी रहा है।

थाना दक्षिण के लालऊ में आपराधिक प्रवृत्ति के दबंगों को चौथ न देने पर उन्होंने पीड़ित के घर में हमला बोल दिया। माता-पिता के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना दक्षिण के लालऊ निवासी अर्जुन चौधरी का कहना है कि गांव में ही रहने वाले प्रवेश उर्फ अलुआ एवं उसका भाई पंकज आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। इनके खिलाफ न्यायालय में मुकदमे भी विचाराधीन हैं। आरोप है कि दोनों भाई चौथ के रूप में रुपये मांगते हैं तथा रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी देते हैं।
पीड़ित का कहना है कि वह अपने परिवार में इकलौता है। आरोप है कि 16 अगस्त को वह अपने घर के सामने पड़ोसी के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहा था। इस प्रवेश एवं उसका भाई पंकज आए तथा 25 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर गाली देने लगे। अर्जुन ने किसी तरह से भाग कर घर के अंदर घुसकर जान बचाई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपियों ने अर्जुन के बुजुर्ग माता पिता को भी लाठी-डंडों से पीटा तथा उनके गंभीर चोट आई तथा मनोज ने जेब में रखे 1080 रुपये लूट लिए। शोर शराबा सुन कर बहन निकिता, पत्नी अन्नू एवं राहुल सहित पड़ोसी एकत्रित हुए तो आरोपी जान से माने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित थाने गया तो पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। इस पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली तो कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अर्जुन का कहना है कि मारपीट के बाद थाने में मुकदमा दर्ज न होने से आरोपियों का दुस्साहस बढ़ गया है। वह राह चलते हुए उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे पूरा परिवार भयभीत है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


