समस्याएं हल न हुई तो आंदोलन करेंगे कामगार
Firozabad News - फिरोजाबाद में श्रमिक नेताओं ने प्रशासन के समक्ष चूड़ी जुड़ाई मज़दूरों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने मेहनताना वृद्धि, मजदूरों के शोषण रोकने के लिए कांच एवं चूड़ी मजदूर एक्ट बनाने और मिट्टी का तेल उपलब्ध...

फिरोजाबाद। श्रमिक नेताओं ने प्रशासन के समक्ष कांच नगरी के चूड़ी जुड़ाई मज़दूरों की समस्याएं उठाईं। श्रमिकों के मेहनताना वृद्धि , श्रमिकों का शोषण रोकने के लिए कांच एवम् चूड़ी मजदूर एक्ट बनवाने, एमटीओ से श्रमिकों के जीवन को बचाने के लिए सेवायोजकों से उन्हें मिट्टी का तेल उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग प्रशासन से की गई। सोमवार को श्रमिक नेता रामदास मानव के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल जिला मुख्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय पुष्पेंद्र कुमार से मिला। उन्हें चूड़ी श्रमिकों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। श्रमिक नेता रामदास मानव ने डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार को अवगत कराया पूर्व में श्रमिकों को सेवायोजकों द्वारा चूड़ी जुड़ाई कार्य के लिए 14 तोड़ों पर एक लीटर मिट्टी का तेल उपलब्ध कराया जाता था। जो पिछले तीन साल से बंद कर दिया है। मिट्टी के तेल का बाजार मूल्य का भुगतान भी सेवायोजकों द्वारा नहीं किया जा रहा है ।
चूड़ी श्रमिक अपने परिवार को जिन्दा रखने के लिए बाजार से मिट्टी के तेल के नाम पर अत्यधिक ज्वलनशील एमटीओ तेल खरीदने को मजबूर हैं। जिससे अब तक 16 जुड़ाई श्रमिक आग से जल कर मौत के मुंह में समा चुके हैं और तमाम मजदूर जलकर घायल हो चुके है। जिन्हें सेवायोजकों अथवा शासन से किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिससे मजदूरों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रशासन 14 दिन के अंदर चूड़ी श्रमिकों की समस्याओं का निराकरण कराए। श्रमिकों को साथ लेकर आन्दोलन करने को मजबूर होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।