Firozabad News: जहरखुरानी से किसान की मौत, आगरा में शव फेंककर भागे
Firozabad News: फिरोजाबाद के पिलुआ निवासी 65 वर्षीय किसान राजपाल सिंह ग्वालियर जाते समय ऑटो में सवार हुए थे। परिजनों के अनुसार, रास्ते में उन्हें जहरखुरानी का शिकार बनाकर नकदी और मोबाइल लूटे गए। वह आगरा के बिजलीघर बस स्टैंड पर बेहोश मिले और अस्पताल में मृत घोषित किए गए। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।

Firozabad News: मटसेना थाना क्षेत्र के एक किसान को ग्वालियर जाते समय ऑटो सवारों ने फिरोजाबाद-आगरा के मध्य जहरखुरानी का शिकार बना लिया। जहरखुरानों ने उससे नकदी और मोबाइल लूट लिया और उसे आगरा के बिजलीघर बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में फेंककर फरार हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों को बिजलीघर बस स्टैंड के पास पड़े मिले किसान के मुंह से सफेद झाग निकल रहे थे। परिजन आगरा के पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का फिरोजाबाद लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। मटसेना के गांव पिलुआ निवासी 65 वर्षीय किसान राजपाल सिंह पुत्र श्रीपति सिंह बुधवार सुबह आठ बजे मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपनी रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे। वह सुभाष तिराहा पहुंचे और वहां से आगरा जाने के लिए ऑटो में बैठ गए। ऑटो में बैठने के करीब दो घंटे बाद उनके पुत्र मोरिल ने उनके मोबाइल पर फोन किया। कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुई। एक दर्जन से अधिक बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद बेटा परिजनों संग पिता की तलाश में निकल पड़ा। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला तो किसी का फोन आया और परिजन आगरा के बिजलीघर बस स्टैंड पहुंचे। यहां राजपाल सिंह जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उसके मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार राजपाल सिंह को जहरखुरानी का शिकार बनाया गया।
अंतिम संस्कार से पहले की घटनाएं
बिना पोस्टमार्टम कराया अंतिम संस्कार
किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे तो ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने ऑटो सवारों पर जहरखुरानी कर किसान को लूटने के बाद बिजलीघर आगरा में फेंकने की आशंका जताई है।
पुलिस ने जांच की बात कही
तहरीर आने पर होगी कार्रवाई: पुलिस
इस मामले में थाना प्रभारी मटसेना विमलेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि जहरखुरानी से किसान की मौत के मामले में परिजनों ने कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कराएगी। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

