Firozabad News: आधार के नाम पर अवैध वसूली तो होगी सख्त कार्रवाई-डीएम

हिन्दुस्तान, फिरोजाबाद
Follow us on Google News
share

Firozabad News: फिरोजाबाद, गुरुवार को आधार मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में डीएम ने स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

Firozabad News: आधार के नाम पर अवैध वसूली तो होगी सख्त कार्रवाई-डीएम

Firozabad News: फिरोजाबाद, गुरुवार को आधार मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में डीएम ने स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। वहीं उन्होंने आधार केंद्रों पर अवैध वसूली की शिकायतों पर कहा कि अगर किसी भी केंद्र पर ओवरचार्जिंग के संबंध में शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में मॉनीटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आधार नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की समीक्षा करते हुए आधार सेवाओं को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

शिक्षा विभाग के निर्देश

माध्यमिक तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पांच से 17 वर्ष तक के जिन बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पेंडिंग है, उनके लिए स्कूल में विशेष कैंप लगाए जाएं। इनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह निःशुल्क है। आधार केंद्रों पर अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कहा कि जिले के सभी आधार केंद्रों बैंक, डाकघर, सीएससी आदि पर आधार सेवा शुल्क तालिका का बड़े अक्षरों में प्रदर्शन अनिवार्य रूप से किया जाए। कोई भी ऑपरेटर निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे लेते हुए पाया गया, तो मशीन तुरंत ब्लॉक की जाएगी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पेंडिंग मामलों की समीक्षा

18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के नए नामांकन और भौतिक सत्यापन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को पेंडिंग मामलों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक से पूर्व सभी पेंडिंग कार्यों और सत्यापन रिपोर्ट को शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं, अन्यथा संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल के साथ डाक विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, यूआईडीएआई और सीएससी के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की मशीनें

बैठक में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की कई मशीनें तकनीकी अपडेट या जियो-फेंसिंग प्रतिबंधों के कारण निष्क्रिय होने पर डीएम ने आईपीपीबी के प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए कि वह महानिदेशालय से समन्वय स्थापित कर मशीनों को तुरंत चालू कराएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को असुविधा न हो।

नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी

डीएम ने कहा है कि अपने नजदीकी आधार केंद्र का पता लगाने के लिए भुवन पोर्टल पर लॉगिन करें। पोर्टल पर अपने क्षेत्र का पिन कोड अंकित करें या फिर राज्य, जिला एवं तहसील का चयन करें।

बीत दस वर्ष में आधार हर व्यक्ति की पहचान का सशक्त प्रमाण पत्र बना है। विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आधार अनिवार्य है। इसके लिए जरूरी है कि हर नागरिक का आधार डेटा पूरी तरह अपडेटेड रहे, ताकि आधार प्रमाणीकरण अथवा सत्यापन में असुविधा न हो। जिन्होंने दस वर्ष पूर्व अपना आधार बनवाया था तथा कभी अपडेट नहीं कराया है। वह अपने पहचान और पते के प्रमाण के अभिलेख अपडेट कराएं। नागरिक आधार ऐप या फिर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से यह कार्य स्वयं कर सकते हैं।

-संतोष कुमार शर्मा, डीएम

सामान्य प्रश्न

डीएम ने आधार मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में क्या निर्देश दिए?
डीएम ने स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।