
बोले फिरोजाबाद: विकास की उम्मीद लगाए रह गई ‘इंतजार वाली गली
Firozabad News - सुहागनगरी में विकास हो रहा है, लेकिन कई क्षेत्र अभी भी विकास से वंचित हैं। गंदगी और पानी की निकासी की समस्या के कारण लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम को चाहिए कि वह एक समग्र...
सुहागनगरी में विकास हो रहा है। करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं। साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन नगर निगम के ही कई क्षेत्र ऐसे हैं जो विकास से वंचित हैं। सालों पहले बनी गलियों में इंटरलॉकिंग ऊंची-नीची हो गई है तो नालियां भी टूट-फूट रही हैं। कई गलियों में तो नियमित रूप से सफाई कर्मी नहीं पहुंचने से नालियों में हर वक्त गंदगी रहती है। बरसों से विकास का इंतजार कर रहे इन क्षेत्रों में रहने वालों का दर्द उस वक्त और बढ़ जाता है जब नगर निगम द्वारा आसपास के क्षेत्र की गलियों को ऊंचा करा दिया जाता है तो इन गलियों की तरफ से आने वाला पानी भी इन मोहल्लों में दौड़ता है, जो क्षेत्रीयजनों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है।

माता प्रसाद कलावती देवी स्कूल के पीछे इंतजार वाली गली भी इन दिनों ऐसे ही हालात से जूझ रही है तो इंतजार है कब नगर निगम का विकास इस क्षेत्र में दस्तक देगा। इंतजार वाली गली में पहुंचते ही इस क्षेत्र के हालातों का अंदाजा हो जाता है। मुख्य सड़क से यह गलियां काफी नीची हैं तो नालियों का पानी बहकर सड़क तक पहुंचता दिखाई देता है। हिन्दुस्तान के बोले फिरोजाबाद के तहत जब इस क्षेत्र में रहने वालों से संवाद किया तो हर किसी की जुबां पर दिखा निगम की अनदेखी का दर्द। लोगों का कहना था कि हमारी गलियों के पानी की निकासी के इंतजाम नहीं। आसपास की गलियां ऊंची होने से गलियों की नालियों का पानी निकल नहीं पाता है। गली में ऊबड़-खाबड़ इंटरलॉकिंग को दिखाते हुए कहते हैं कि यह इंटरलॉकिंग की सड़क भी काफी पुरानी हो गई है। जगह-जगह से धंस गई है, जिससे इसमें भी पानी भर जाता है। इस स्थिति में यहां से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को विकास से पहले पूरी रणनीति बनानी चाहिए। विकास को इस तरह से करना चाहिए, ताकि एक गली के बनने पर आसपास के क्षेत्रके लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सर्वे करा निगम चिन्हित करे जरूरत वाले क्षेत्र क्षेत्रीयजनों का कहना है कि निगम विकास करा रहा है, लेकिन इस विकास से नगर निगम का कोई इलाका वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि निगम द्वारा हर वार्ड का सर्वे कराया जाए। उन गलियों को चिन्हित किया जाए, जहां पर लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस तरह से विकास नहीं कराया जाए कि एक गली का निर्माण कर ऊंचा कर दिया जाए तथा इससे उसका पानी दूसरी गलियों में जमा होकर वहां की सड़कों को खराब करे। अगर इस तरह से सर्वे करा कर विकास कार्य कराया जाए तो हर जरूरतमंद वाले क्षेत्र का विकास हो सकेगा। घरों में घुस रहा पानी, मकानों को भी खतरा इंतजार वाली गली में हल्की बरसात में होने वाले जलभराव के कारण घरों में भी पानी भर रहा है। कई घरों के तहखाने में पानी घुस जाता है। यहां पर जलभराव होने से इन मकानों को भी खतरा पहुंच रहा है। क्षेत्र के कई लोग अपने घरों में पानी भरने की समस्या से जूझ रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि अगर गलियों तथा नालियों का निर्माण करा दिया जाए तो काफी हद तक इस समस्या से निजात मिल सकती है। मन की बात पानी की निकासी का इतंजाम नहीं होने से नालियां हर वक्त उफनती रहती हैं। बगैर बरसात के भी यहां पर नालियों का पानी भरा रहता है। महीने-15 दिन में एक बार ही सफाई होती है। इससे नालियों में भी गंदगी रहती है। - मो.शकील गली में साफ-सफाई ही नहीं होती है। नालियां उफन रही हैं तो नालियों का पानी सड़क पर आ रहा है। साफ-सफाई न होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रीयजनों की इस समस्या को पार्षद उठाते रहते हैं, लेकिन नगर निगम का ध्यान इस तरफ नहीं है। - मेहरून नालियां काफी पुरानी एवं जर्जर हाल में हैं। बरसात में होने वाले जलभराव के कारण हमारे बेसमेंट में अभी तक पानी भरा हुआ है। इससे मकान को भी नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन नगर निगम का इस क्षेत्र के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं है। - नसरीन हमारी गली भी जगह-जगह ऊबड़-खाबड़ हो रही है। इससे यहां पर रहने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के बाद घंटों तक कई फुट पानी भरा रहता है। नगर निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को इस तरफ ध्यान देना होगा। - गुड़िया इस क्षेत्र में रहने वालों को कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह इन गलियों में रहने वाले ही बेहतर ढंग से जानते हैं। गलियों में से निकलना मुश्किल हो जाता है, लेकिन कई बार समस्या उठाने के बाद भी इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। - मो. आजाद विकास की एक रणनीति होनी चाहिए, ताकि वह किसी अन्य क्षेत्र के लिए परेशानी न बने। यहां पर कई गलियों को ऊंचा कर दिया तो तमाम गलियां आज नीचे हो गई हैं। इसके चलते इन गलियों में जलभराव रहता है तथा घरों के अंदर पानी भर जाता है। - शाहीन इस गली की नालियों में हर वक्त जलभराव की स्थिति रहती है। नालियों की नियमित रूप से सफाई नहीं होती है और इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस तरफ किसी का भी ध्यान नहीं है। गंदगी के कारण संक्रमण का भी खतरा रहता है। - सरीहा बरसात के दिनों में यहां पर काफी परेशानी होती है। क्षेत्र के घरों में पानी घुस जाता है। बिजली उपकरणों समेत लोगों का नुकसान होता है। नगर निगम को कम से कम इन गलियों का निर्माण करा कर यहां पर पानी की निकासी के इंतजाम करने चाहिए। - राशिद

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


