Firozabad News: फिरोजाबाद में जेठ ने महिला की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या
Firozabad News: थाना नगला खंगर के कोरारी खेड़ा गांव में घास काटने को लेकर विवाद के बाद जेठ नेपाल सिंह ने सोनी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पत्नी के तीन बच्चे हैं और आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश में तीन टीमें लगाई हैं।

Firozabad News: थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव कोरारी खेड़ा में जेठ ने खेत से घास काटने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला के सिर में कुल्हाड़ी से कई बार प्रहार कर हत्या कर दी। महिला की हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में तीन टीमों को लगाया है। सोनी (40) पत्नी संदीप कश्यप निवासी कोरारी खेड़ा थाना नगला खंगर का अपने ताऊ ससुर के बेटे नेपाल सिंह (45) पुत्र जगदीश सिंह से विवाद हो गया। नेपाल सिंह ने सोनी को अपने खेत से घास काटने के लिए मना किया था लेकिन सोनी नहीं मानी और पशुओं के लिए घास काटकर ले आई थी।
दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि खेत पर ही नेपाल सिंह घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और सोनी के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।कुल्हाड़ी से सोनी की बेरहमी से हत्या करने के बाद नेपाल सिंह मौके से भाग गया। खेत में ही मौजूद मृतका की भतीजी उजाला पुत्री सुखदेव और राजनश्री पत्नी सुखदेव ने घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। चीख पुकार मचने पर गांव के लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी।मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी नेपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

